मालदा में कांग्रेस को झटका: जिला महासचिव संतोष केशरी AIMIM में शामिल, राजनीतिक गलियारों में हलचल

 

अजित प्रसाद,मालदा : पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में राजनीतिक फेरबदल का दौर जारी है। तृणमूल के बाद अब कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। जिला कांग्रेस के महासचिव संतोष केशरी ने कांग्रेस का साथ छोड़कर असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM (मीम) का दामन थाम लिया है।मालदा प्रेस कॉर्नर में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान AIMIM के जिला अध्यक्ष रेजाउल करीम ने संतोष केशरी को पार्टी का झंडा थमाकर स्वागत किया।AIMIM का दावा: रेजाउल करीम ने कहा कि कांग्रेस और तृणमूल के कई बड़े नेता उनके संपर्क में हैं और आने वाले दिनों में जिले में बड़ी संख्या में लोग मीम में शामिल होंगे। उन्होंने कांग्रेस छोड़ने का कारण बताते हुए कहा, “मैं कांग्रेस में रहकर स्वतंत्र रूप से काम नहीं कर पा रहा था, इसीलिए मैंने जनता की सेवा के लिए मीम को चुना है।” जिला कांग्रेस के एक अन्य महासचिव भूपेंद्रनाथ हालदार ने इस दलबदल को महत्वहीन बताते हुए कहा, “कांग्रेस एक बहुत बड़ा दल है। किसी के आने-जाने से कोई फर्क नहीं पड़ता। जो लोग काम नहीं करना चाहते, वही पार्टी छोड़कर जा रहे हैं।” जिला तृणमूल उपाध्यक्ष शुभमय बसु ने मीम को ‘बीजेपी की बी-टीम’ करार दिया। उन्होंने कहा, “बीजेपी हिंदुत्व का ठेका लेना चाहती है और मीम मुस्लिमों का। मालदा की जनता इस तरह की सांप्रदायिक राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।” भाजपा दक्षिण मालदा सांगठनिक जिले के प्रवक्ता अम्लान भादुड़ी ने पलटवार करते हुए कहा, “भाजपा अपने दम पर पूरे देश में चुनाव लड़ती है। हमें किसी ‘ए’ या ‘बी’ टीम की जरूरत नहीं है।”मालदा जैसे महत्वपूर्ण जिले में कांग्रेस नेता का मीम में जाना आगामी चुनावों के मद्देनजर अल्पसंख्यक वोटों के ध्रुवीकरण की ओर संकेत कर रहा है, जिससे तृणमूल और कांग्रेस दोनों की चिंताएं बढ़ सकती हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button