झारखंड में एक प्रवासी श्रमिक की मौत को लेकर पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में भारी तनाव
प्रदर्शनकारियों ने मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में नेशनल हाईवे और रेल मार्ग जाम किया
अजित प्रसाद, मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल ) : झारखंड में एक प्रवासी श्रमिक की मौत को लेकर पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में भारी तनाव फैल गया है। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए बेलडांगा में राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-12) और रेलवे ट्रैक को बाधित कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।मृतक की पहचान 30 वर्षीय आलाई शेख के रूप में हुई है, जो मुर्शिदाबाद के बेलडांगा अंतर्गत सुजापुर कुमारपुर ग्राम पंचायत का निवासी था। आलाई झारखंड में फेरीवाले का काम करता था। परिजनों के अनुसार, गुरुवार को झारखंड (प्रारंभिक रिपोर्ट में बिहार का भी उल्लेख) में उसका शव फंदे से लटका हुआ पाया गया।
मृतक के परिवार का गंभीर आरोप है कि आलाई की हत्या की गई है। परिजनों का दावा है कि “पश्चिम बंगाल का श्रमिक” होने के कारण उसे बेरहमी से पीटा गया और फिर मारकर लटका दिया गया।शुक्रवार को जैसे ही श्रमिक का शव गांव पहुंचा, आक्रोशित ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया: प्रदर्शनकारियों ने NH-12 (कोलकाता-उत्तर बंगाल मुख्य मार्ग) को जाम कर दिया। इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क के साथ-साथ ग्रामीणों ने बेलडांगा स्टेशन पर रेल पटरी जाम कर दी। इस विरोध के कारण लालगोला-सियालदह शाखा पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है।घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है। पुलिस प्रदर्शनकारियों को समझाने और जाम खुलवाने का प्रयास कर रही है, लेकिन ग्रामीण दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।



