SIR केंद्र पर तृणमूल कांग्रेस के दो नेताओं के बीच खुले आम बकझक
मालदा : मालदा जिले के रतुआ-1 ब्लॉक स्थित एसआईआर केंद्र पर तृणमूल कांग्रेस के दो नेताओं के बीच खुलेआम बकझक और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। एक-दूसरे को “देख लेने” की धमकी तक दी गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे राजनीतिक माहौल और गरमा गया है।
घटना को लेकर रतुआ-2 पंचायत समिति के अध्यक्ष आमिरुद्दीन ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया शुरू होने के बाद से वे विभिन्न इलाकों का दौरा कर रहे हैं। 21 तारीख को वे रतुआ-1 ब्लॉक पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि एसआईआर का काम बेहद धीमी गति से चल रहा है। आम लोगों को लंबी लाइन में खड़ा रहकर परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसी बात का विरोध करने पर तृणमूल के ही एक अन्य नेता शेख मिनु (चिन्नी) वहां पहुंच गए और उनके साथ असभ्य भाषा में गाली-गलौज व धमकी देने लगे, साथ ही वहां से चले जाने को कहा। आमिरुद्दीन ने इसका विरोध किया।
वहीं शेख मिनु ने पलटवार करते हुए दावा किया कि रतुआ-2 पंचायत समिति के अध्यक्ष अचानक अपना ब्लॉक छोड़कर रतुआ-1 ब्लॉक में आए और आम लोगों को उकसाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने इसका विरोध किया। शेख मिनु का यह भी आरोप है कि आमिरुद्दीन की रतुआ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा है, इसी वजह से वे इस तरह की हरकत कर रहे थे।
दोनों नेताओं की सार्वजनिक बकझक और आरोप-प्रत्यारोप का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस पूरे मामले को लेकर भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा उत्तर मालदा सांगठनिक जिला के महासचिव अभिषेक सिंघानिया ने कहा कि तृणमूल एक अनुशासनहीन पार्टी है। एसआईआर केंद्र के सामने उनके नेता आपस में गाली-गलौज कर रहे हैं और मारपीट पर उतारू हैं। रतुआ विधानसभा क्षेत्र में उम्मीदवार बनने की होड़ के कारण इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।
वहीं तृणमूल कांग्रेस की ओर से जिला प्रवक्ता आसिस कुंडू ने कहा कि इस तरह की घटनाएं वांछनीय नहीं हैं। पार्टी पूरे मामले को देखेगी, लेकिन विपक्ष द्वारा इसे लेकर राजनीति करना उचित नहीं है।


