राष्ट्रपति के दौरे में ‘प्रोटोकॉल उल्लंघन’ का मामला; केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक कड़ा निर्देश
दार्जिलिंग के DM और सिलीगुड़ी के पुलिस कमिश्नर को हटाने का निर्देश
सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल) : केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक कड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए दार्जिलिंग के जिला मजिस्ट्रेट (DM) मनीष मिश्रा और सिलीगुड़ी के पुलिस कमिश्नर सी. सुधाकर को तत्काल प्रभाव से पद से हटाने का निर्देश दिया है। यह कार्रवाई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सिलीगुड़ी दौरे के दौरान सुरक्षा और प्रोटोकॉल में हुई गंभीर चूक के आरोपों के बाद की गई है।
सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति के दौरे के दौरान प्रशासनिक समन्वय में बड़ी कमी देखी गई थी। आरोप है कि राष्ट्रपति को एक महत्वपूर्ण ‘आदिवासी सम्मेलन’ में शामिल होने से रोकने या बाधा उत्पन्न करने की कोशिश की गई, जिसे केंद्र सरकार ने बेहद गंभीरता से लिया है। गृह मंत्रालय ने इसे सीधे तौर पर ‘प्रोटोकॉल का उल्लंघन’ और प्रशासनिक विफलता माना है।
राष्ट्रपति के दौरे के बीच इस तरह की बड़ी कार्रवाई से राज्य के प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। अभी तक राज्य सरकार की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन चुनाव और राजनीतिक सरगर्मी के बीच इसे एक बेहद महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।



