राजग सरकार के विजन पर प्रधानमंत्री का संदेश
युवाओं के नेतृत्व में बढ़ रहा भारत
-सरकार के 12 साल पूरे होने पर पीएम मोदी का बड़ा बयान
भारत पोस्ट संवाददाता
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को देश के युवाओं और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार के विजन को लेकर एक बड़ा संदेश दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार युवाओं के नेतृत्व वाले विकास की दिशा में मजबूती से काम कर रही है। उन्होंने श्पिछले 12 वर्षों को भारतीय युवाओं के आत्मविश्वास में आए क्रांतिकारी बदलाव का दौर बताया। यह बयान ऐसे समय में आया है जब पीएम मोदी ने लगातार तीसरी बार सत्ता संभालने के साथ ही देश के संसदीय इतिहास में एक नया रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया है। मोदी ने यह भी कहा कि भारत के युवा विज्ञान और प्रौद्योगिकी से लेकर विनिर्माण, अंतरिक्ष, सेमीकंडक्टर और ड्रोन जैसे कई क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह देखकर खुशी होती है कि भारत के युवा उन क्षेत्रों में योगदान दे रहे हैं जो देश और दुनिया के भविष्य को आकार देंगे।
उन्होंने ष्एक्स पर एक पोस्ट में कहा राजग सरकार युवाओं के नेतृत्व वाले विकास की दिशा में मजबूती से काम कर रही है। पिछले 12 वर्षों की एक प्रमुख विशेषता यह रही है कि भारत के युवाओं का अपनी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रति आत्मविश्वास बढ़ा है।” मोदी सरकार के सत्ता में 12 साल पूरे हो गए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया और अटल इनोवेशन मिशन जैसी पहलों से एक ऐसा परिवेश बना है जो नवोन्मेष, उद्यमिता और उद्यम को बढ़ावा देता है।
उन्होंने कहा आज भारत दुनिया के प्रमुख स्टार्टअप केंद्रों में से एक है और इनमें से कई सफलता की कहानियां हमारी युवा शक्ति लिख रही है और वह भी छोटे कस्बों और गांवों से।” मोदी ने कहा कि भारतीय युवाओं ने खेल और कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन किया है और युवा भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार देश का मान बढ़ाया है।


