सपा के भीतर बड़ी टूट की भविष्यवाणी
-बलिया के लाल के हाथ में होगी बागी गुट की कमान: राजभर
विशेष प्रतिनिधि
नई दिल्ली। महाराष्ट्र की शिवसेना और पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस में मचे घमासान के बाद अब उत्तर प्रदेश की सियासत में भी बड़े तख्तापलट की आहट सुनाई दे रही है। समाजवादी पार्टी के भीतर बड़ी टूट की भविष्यवाणी करने के ठीक एक दिन बाद, उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने गुरुवार को एक और बड़ा बयान देकर राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है। राजभर ने न केवल पार्टी में जल्द फूट का दावा दोहराया, बल्कि यह संकेत भी दे दिया कि अखिलेश यादव के खिलाफ खड़े होने वाले बागी गुट की कमान किसके हाथ में होगी।
काफी समय से सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर हमलावर सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के सांसदों का एक मजबूत ”बागी गुट, आकार ले रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए राजभर ने इसके नेतृत्व को लेकर बड़ा खुलासा किया और लिखा: ‘कल से ही हर कोई पूछ रहा है जिस तरह से कल सपा कार्यालय में एक सम्मेलन की आड़ में ब्राह्मणों का अपमान किया गया, उसने ‘बागी बलिया के ”लाल को बहुत आहत किया है। योजना तो पहले से ही थी, लेकिन कल की घटना ने आग में घी का काम किया है। फूट तो पक्का होगी।”
राजभर के इस बयान से साफ है कि बगावत की सुगबुगाहट पहले से चल रही थी, लेकिन सपा दफ्तर में ब्राह्मण समुदाय के कथित अपमान ने इस पूरी प्रक्रिया को तेज करने के लिए उत्प्रेरक का काम किया है।




