राष्ट्रीय चिकित्सक सम्मेलन आज
-कई राज्यों से वरिष्ठ चिकित्सक और विशेषज्ञ लेंगे भाग
भारत पोस्ट संवाददाता
गाजियाबाद। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन उत्तर प्रदेश और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन गाजियाबाद संयुक्त रूप से रविवार को राष्ट्रीय चिकित्सक सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। शनिवार आईएमए भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजन अध्यक्ष डॉ वीबी जिंदल ने बताया कि सम्मेलन में देश के कई राज्यों से वरिष्ठ चिकित्सक, विशेषज्ञ और सामान्य चिकित्सक भाग लेंगे। इसका उद्देश्य चिकित्सकों को चिकित्सा विज्ञान में हो रहे नए शोध, आधुनिक उपचार पद्धतियों और बदलती स्वास्थ्य चुनौतियों की जानकारी देना है, ताकि मरीजों को बेहतर और प्रभावी उपचार मिल सके।
आईएमए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी संरक्षक डॉ शरद अग्रवाल ने बताया कि सम्मेलन के दौरान मधुमेह, हृदय रोग, संक्रामक रोग, आपातकालीन चिकित्सा, नैतिक चिकित्सा व्यवहार तथा चिकित्सकीय कार्य संचालन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे। इसके साथ ही प्रश्नोत्तर और चर्चा के माध्यम से चिकित्सकों को व्यावहारिक अनुभव भी साझा किए जाएंगे, जिससे वे अपने दैनिक कार्य में नई जानकारियों का लाभ उठा सकें।
आयोजन सचिव डॉ वाणी पूरी रावत ने बताया कि सम्मेलन में चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चयनित 65 चिकित्सकों को कॉलेज ऑफ जनरल प्रैक्टिशनर्स की प्रतिष्ठित फैलोशिप उपाधि प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। गाजियाबाद आईएमए अध्यक्ष डॉ अल्पना कंसल कहना है कि यह सम्मेलन केवल नई जानकारियां देने तक सीमित नहीं है, बल्कि चिकित्सकों के बीच अनुभवों के आदान.प्रदान, आपसी सहयोग और जनस्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सशक्त बनाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

