गाजियाबाद में नाले किनारे हटाई गई झुग्गियां
-यूपीसीडा ने 15 दिन पहले दिया था नोटिस
भारतपोस्ट संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद में बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र और लोहा मंडी के बीच में स्थित नाले के किनारे बनी झुग्गियों पर यूपीसीडा ने सोमवार को बुलडोजर चलाया है। 15 दिन पहले ही लोगों को झुग्गी खाली करने की चेतावनी दी गई थी। रविवार को भी अंतिम रूप से चेतावनी दी गयी थी, लेकिन लोग झुग्गी खाली नही कर रहे थे।
लोहा मंडी में नाले के किनारे वर्षों से अवैध रूप से 30 से अधिक झुग्गी डालकर लोग रह रहे थे। मानसून सीजन में नाला उफनाने पर हादसे की आशंका बनी हुई थी, इस वजह से यूपीसीडा द्वारा नाले के किनारे झुग्गियों को हटाया गया है, जिससे कि लोग यहां पर न रह सकें।
मानसून सीजन में यदि नाला उफना, तो कोई व्यक्ति उसकी चपेट में न आए। नाले के किनारे रहने वाले लोगों का कहना है कि वह कई साल से यहां पर रह रहे हैं, अब यूपीसीडा द्वारा की गई कार्रवाई के कारण उनके पास रहने का ठिकाना नहीं है।



