संसद परिसर में विपक्ष के प्रदर्शन पर संत समाज नाराज
-भगवा वस्त्र पहने सांसद पप्पू यादव चढ़ावा बटोरते आए नजर
भारत पोस्ट संवाददाता
नई दिल्ली। संसद भवन के मकर द्वार पर विपक्ष के प्रदर्शन पर संत समाज ने नाराजगी जताई है। अखिल भारतीय संत समिति के महामंत्री जितेंद्रानंद सरस्वती ने इसे साधु.संतों और भगवा वस्त्र का अपमान बताया। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष के कार्रवाई की मांग की। दरअसल, विपक्षी सांसदों ने राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर आज संसद के मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया। इसमें भगवा वस्त्र पहने सांसद पप्पू यादव प्रतीकात्मक रूप से चढ़ावा बटोरते नजर आए। जबकि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई सांसद चढ़ावा चढ़ाते नजर आए। इस दौरान कई अन्य विपक्षी सांसद भी मौजूद रहे।
इस प्रदर्शन को लेकर भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने भी विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, देश की आजादी से लेकर विभाजन तक और विभाजन से आज तक कांग्रेस और अब प्रियंका गांधी, राहुल गांधी और पूरा विपक्ष लगातार संतों, भगवा और सनातन का अपमान करता आया है। साक्षी महाराज ने कहा, जिस तरह इन्होंने अपने प्रदर्शन में भगवान राम और चढ़ावे के मुद्दे को शामिल करके सनातन का अपमान करने की कोशिश की और कालनेमि जैसा अभिनय किया, वह निंदनीय है। उन्होंने कहा, विपक्ष ने सनातन का अपमान किया है। लोकसभा अध्यक्ष को इस तरह की हरकतों पर जरूर कार्रवाई करनी चाहिए।
विपक्षी दलों द्वारा राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ियों के मुद्दे को उठाने के लिए संसद परिसर में सांकेतिक प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पप्पू यादव ने माथे पर चंदन लगाया, भगवा वस्त्र धारण किए और हाथ में दानपेटी लेकर संसद के मकर द्वार के पास जमीन पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के सांसद डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव और अवधेश प्रसाद दानपेटी में सांकेतिक रूप से चढ़ावा डालते नजर आए। प्रदर्शन के हिस्से के रूप में पप्पू यादव उन पैसों को अपनी जेब में रखते हुए दिखाई दिए। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी दानपेटी में प्रतीकात्मक रूप से रुपए डाले।
इसके बाद पप्पू यादव दानपेटी लेकर भागने का अभिनय करने लगे, जबकि अन्य सांसदों ने उन्हें रोकने और पकड़ने की सांकेतिक कार्रवाई की। इस दौरान सांसदों ने मजाकिया अंदाज में उनकी ‘पटाई’ करने का भी अभिनय किया। प्रदर्शन के बाद पप्पू यादव ने कहा, हमें लगा कि पैसे लेकर भाग जाएंगे लेकिन सपा सांसदों ने पकड़ लिया। अब कह रहे हैं कि फांसी चढ़ा देंगे।



