अमरनाथ यात्रा का हुआ शंखनाद
-पीएम मोदी ने पत्र में लिखा . "आपकी यात्रा सुरक्षित और मंगलमय हो'
विशेष संवाददाता
नई दिल्ली। आस्था और विश्वास की प्रतीक वार्षिक अमरनाथ यात्रा का शुक्रवार को आधिकारिक तौर पर आगाज़ हो गया। इस पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश.विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को पत्र लिखकर अपनी शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने बाबा बर्फानी के भक्तों की यात्रा के सुरक्षित और मंगलमय होने की कामना की है। गौरतलब है कि सालाना अमरनाथ यात्रा शुक्रवार को शुरू हुई, जब तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे बालटाल और नुनवान के दो बेस कैंप से दक्षिण कश्मीर हिमालय में 3,880 मीटर ऊंचे गुफा मंदिर की यात्रा के लिए निकले। इस गुफा में प्राकृतिक रूप से बना बर्फ का शिवलिंग है।
ष्बाबा बर्फानी के दर्शन से जुड़ी अमरनाथ यात्रा हमारी आध्यात्मिक परंपरा और सांस्कृतिक एकता का एक शाश्वत अध्याय है। मेरी कामना है कि शिव भक्तों की यह यात्रा हर तरह से सुरक्षित और मंगलमय हो! इस पवित्र अवसर पर, तीर्थयात्रियों के लिए मेरे पत्र में पांच संकल्प शामिल हैं” उन्होंने कहा। उन्होंने बताया कि पुरुषों महिलाओं और साधुओं सहित तीर्थयात्रियों के जत्थे दिन की पहली रोशनी में दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में पहलगाम के नुनवान बेस कैंप और मध्य कश्मीर के गांदरबल में सोनमर्ग इलाके के बालटाल बेस कैंप से रवाना हुए।
तीर्थयात्री दोपहर में कश्मीर घाटी पहुंचे और प्रशासन तथा स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। वे गुफा मंदिर में पूजा.अर्चना करेंगेए जहां प्राकृतिक रूप से बना बर्फ का शिवलिंग है। यात्रा के सुचारू संचालन के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और अन्य अर्धसैनिक बलों के हजारों सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। हवाई निगरानी भी की जाएगी। 57 दिनों तक चलने वाली यह तीर्थयात्रा 28 अगस्त को समाप्त होगी।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा कर्मियों और सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेज़ की सुरक्षा में 201 गाड़ियों के काफिले के साथ 3,865 तीर्थयात्री भगवती नगर बेस कैंप से रवाना हुए। कुल तीर्थयात्रियों में से 1,735 लोग 115 गाड़ियों में बालटाल बेस कैंप के लिए निकले, जबकि 2,130 तीर्थयात्री 86 गाड़ियों में अनंतनाग ज़िले के पारंपरिक पहलगाम बेस कैंप की ओर बढ़े।



