एसटीएफ ने संदिग्ध आतंकी के गर्लफ्रेंड अर्पिता सरकार को किया गिरफ्तार

 

अजित प्रसाद/ सिलीगुड़ी: जैश ए मोहम्मद के संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल की गर्लफ्रेंड अर्पिता सरकार को STF ने उग्रवादियों से संबंध होने के शक में गिरफ्तार कर लिया है। पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बर्धमान से आतंकी संबंधों के संदेह में गिरफ्तार हमीम मंडल मामले में एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड के साहिबगंज से अर्पिता सरकार नामक महिला को गिरफ्तार किया है।एसटीएफ का दावा है कि अर्पिता हमीम के संपर्क में थी और संगठित गिरोह के लिए हनीट्रैप के जरिए प्रभावशाली लोगों को निशाना बनाने का काम करती थी।
जांच एजेंसी के अनुसार, शुक्रवार को बर्धमान से गिरफ्तार किए गए हमीम मंडल से पूछताछ के दौरान अर्पिता का नाम सामने आया। इसके बाद एसटीएफ की टीम ने रात में ही झारखंड के साहिबगंज में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद अर्पिता को बर्धमान लाया गया है और शनिवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा।एसटीएफ के मुताबिक, अर्पिता का इस्तेमाल हनीट्रैप के लिए किया जाता था। जांचकर्ताओं का दावा है कि वह वरिष्ठ अधिकारियों, प्रशासनिक पदाधिकारियों और राजनीतिक रूप से प्रभावशाली लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनसे संवेदनशील और गोपनीय जानकारियां हासिल करने की कोशिश करती थी। जांच एजेंसी का यह भी कहना है कि पूछताछ के दौरान हमीम मंडल ने इस नेटवर्क और अर्पिता की भूमिका के बारे में जानकारी दी है। अब अर्पिता से पूछताछ कर इन दावों का सत्यापन किया जाएगा और गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों का पता लगाने की कोशिश की जाएगी।इससे पहले अदालत ने हमीम मंडल को 14 दिन की एसटीएफ हिरासत में भेज दिया था। एसटीएफ पहले ही दावा कर चुकी है कि उसके पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से कथित संबंधों की जांच की जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि अभी जांच के स्तर पर है और मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button