अस्पतालों में हो रहा एआई का इस्तेमाल: निशांत

. बेड से लेकर डॉक्टरों की मौजूदगी तक, सब कुछ होगा ट्रैक

भारत पोस्ट संवाददाता
पटना। बिहार विधानसभा में गुरुवार को आयोजित विशेष प्रबोधन कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हर क्षेत्र में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार में एआई को बढ़ावा मिलने से स्वास्थ्य, रोजगार, उद्योग और ग्रामीण विकास जैसे कई क्षेत्रों में बदलाव देखने को मिलेगा.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एआई के संवेदिकरण एवं मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के कार्यान्वयन के संदर्भ में प्रबोधन कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम का आयोजन विधानमंडल के विस्तारित भवन में किया गया। कार्यक्रम में एमकेवीआई वेब पोर्टल का भी शुभारंभ किया गया, जिसके जरिए क्षेत्र विकास योजनाओं की ऑनलाइन निगरानी की जाएगी।
निशांत कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग में एआई आधारित तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसकी मदद से अस्पतालों में बेड की उपलब्धता, डॉक्टर मौजूद हैं या नहीं। उनकी उपस्थिति और मरीजों को दवा मिल रही है या नहीं। जैसी जानकारियां आसानी से मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि डेटा एंट्री के लिए भी एआई सॉफ्टवेयर का उपयोग किया जा रहा है. इससे काम की गति बढ़ी है और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिल रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि एआई के जरिए सरकार की योजनाओं और जरूरी जानकारियों को लोगों तक तेजी से पहुंचाया जा सकेगा। इससे प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय बनेगा। उन्होंने कहा कि तकनीक का सही इस्तेमाल विकास कार्यों को और अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाएगा।
विधानसभा में आयोजित विशेष प्रबोधन कार्यक्रम में विधायकों को एआई और डिजिटल तकनीक के उपयोग की जानकारी दी गई। निशांत कुमार ने मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार का धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम जनप्रतिनिधियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाएंगे। इससे वे अपने क्षेत्र की समस्याओं को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे और विकास कार्यों की निगरानी भी अधिक प्रभावी तरीके से कर पाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि नई तकनीक के बेहतर उपयोग से बिहार को समृद्ध और विकसित राज्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button