29 नेताओं को नोटिस पर आनंद माधव का हमला, बोले- कायरतापूर्ण कार्रवाई

 

अजित प्रसाद
पटना, 10 सितंबर। बिहार कांग्रेस में संगठनात्मक विवाद को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य आनंद माधव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम पर निशाना साधा है। उन्होंने दिल्ली में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के बाद 29 नेताओं को नोटिस जारी किए जाने को कायरतापूर्ण कार्रवाई बताया।

आनंद माधव ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान एआईसीसी प्रतिनिधि मनीष चतरथ ने प्रदर्शनकारियों से मुलाकात कर उनकी बात सुनने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद 29 नेताओं को नोटिस जारी किया गया। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों और शिकायतों को कांग्रेस आलाकमान के सामने रखना गलत नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार कांग्रेस नेतृत्व समर्पित और पुराने कांग्रेसजनों को संगठन से दूर करने का प्रयास कर रहा है। आनंद माधव ने कहा कि नोटिस से यह भी स्पष्ट हुआ है कि विरोध करने वालों में पूर्व विधायक, पूर्व जिलाध्यक्ष और वरिष्ठ नेता शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि समर्पित कांग्रेसजन किसी कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने ‘डरो मत’ का संदेश देते हुए कहा कि सच और न्याय की लड़ाई पूरी ताकत से जारी रहेगी। आनंद माधव ने स्पष्ट किया कि न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button