सिलीगुड़ी में ढाई किलो याबा टैबलेट बरामद, दो महिलाओं समेत चार तस्कर गिरफ्तार
सिलीगुड़ी: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिलीगुड़ी में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त अभियान के दौरान पुलिस ने करीब ढाई किलोग्राम याबा टैबलेट बरामद की है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामले में दो महिलाओं समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।जानकारी के अनुसार, सिलीगुड़ी एसटीएफ (STF), सिलीगुड़ी जीआरपी की एसओजी और एनजेपी जीआरपी की सादे लिबास में तैनात टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर चार लोगों को रोककर उनकी तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान आरोपियों के पास मौजूद तीन बैकपैक और एक लेडीज बैग से बड़ी मात्रा में याबा टैबलेट बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी कूचबिहार जिले के रहने वाले हैं।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में याबा टैबलेट आरोपियों तक कहां से पहुंची और इसे सिलीगुड़ी के रास्ते कहां ले जाया जा रहा था। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस मामले के पीछे एक बड़ा ड्रग्स तस्करी नेटवर्क सक्रिय हो सकता है।गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। साथ ही याबा की सप्लाई के स्रोत और संभावित गंतव्य का भी पता लगाया जा रहा है।जीआरपी और सिलीगुड़ी एसटीएफ ने बरामद याबा टैबलेट को जब्त कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि तस्करी से जुड़े नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।


