500 इंजीनियर सड़क पर, गिरफ्तारी के विरोध में कोलकाता नगर निगम में पेन डाउन

 

अजित प्रसाद / कोलकाता : ताराताला गोदाम हादसे के मामले में कोलकाता नगर निगम के वार्ड नंबर 9 के बिल्डिंग डिपार्टमेंट में तैनात एक सब-असिस्टेंट इंजीनियर की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को निगम मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन हुआ। इंजीनियर की गिरफ्तारी के बाद नगर निगम के विभिन्न विभागों में कार्यरत इंजीनियरों में नाराजगी देखी गई। प्रदर्शनकारियों ने गिरफ्तार इंजीनियर की तत्काल रिहाई और बिल्डिंग विभाग के डायरेक्टर जनरल (डीजी) को पद से हटाने की मांग की।

जानकारी के अनुसार, ताराताला गोदाम हादसे के मामले में पुलिस ने निगम के एक सब-असिस्टेंट इंजीनियर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। इस कार्रवाई के विरोध में सोमवार सुबह बड़ी संख्या में नगर निगम के सब-असिस्टेंट इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर निगम भवन परिसर में जुटे।

प्रदर्शन के दौरान करीब 500 इंजीनियरों के शामिल होने का दावा किया गया। इंजीनियरों ने निगम भवन के गलियारों में बैठकर धरना दिया और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। आंदोलनकारियों का कहना है कि हादसे के मामले में उनके सहकर्मी की गिरफ्तारी का विरोध किया जाएगा और उसे निलंबित नहीं किया जाना चाहिए।

इंजीनियरों ने गिरफ्तार कर्मचारी को तत्काल रिहा करने के साथ ही बिल्डिंग विभाग के डीजी को हटाने की मांग भी उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इंजीनियरों को इस तरह की कार्रवाई के कारण काम करने में परेशानी हो रही है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

विरोध प्रदर्शन के साथ ही इंजीनियरों ने पेन डाउन हड़ताल शुरू कर दी। इसके चलते नगर निगम के बिल्डिंग विभाग समेत कई जगहों पर नियमित कामकाज प्रभावित हुआ। इंजीनियरों के काम से अलग रहने के कारण विभिन्न नागरिक सेवाओं और निर्माण से जुड़े कार्यों पर भी असर पड़ने की संभावना है।

आंदोलनकारी इंजीनियरों ने अपनी मांगें पूरी होने तक विरोध जारी रखने का संकेत दिया है। फिलहाल निगम प्रशासन और आंदोलनकारी इंजीनियरों के बीच स्थिति को लेकर तनाव बना हुआ है। हादसे के मामले में पुलिस की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button