NJP स्टेशन पर 1 करोड़ की ब्राउन शुगर बरामद, दो महिलाओं समेत तीन गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 31 अक्टूबर: न्यू जलपाईगुड़ी (NJP) रेलवे स्टेशन पर पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ रुपये की ब्राउन शुगर बरामद की है। इस मामले में दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि असम से चेन्नई जा रही सिलचर अरुणाई एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 15608) के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर सिलीगुड़ी एसओजी और NJP जीआरपी की टीम ने संयुक्त रूप से निगरानी शुरू की। सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मियों ने ट्रेन के एसी कोच में तलाशी अभियान चलाया।
इस दौरान संदिग्ध तीन यात्रियों को NJP स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर उतारकर उनके सामान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग से साबुन के 18 डिब्बे बरामद हुए। इन डिब्बों में छिपाकर करीब 250 ग्राम ब्राउन शुगर रखी गई थी। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्दुल हलीम मजूमदार (31), रजिया बेगम लश्कर (28) और खादीजा बेगम लश्कर (32) के रूप में हुई है। तीनों असम के हैलाकांडी इलाके के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। जांच अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और चेन्नई में इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग किए जाने की तैयारी है।



