मथुरा के माउंट हिल एकेडमी में कक्षा 9 से 12 तक अवैध शिक्षण का संचालन

सुबीर सेन
वरिष्ठ पत्रकार

मथुरा,2 नवंबर 2026 उत्तर प्रदेश में मथुरा के चंदनवन फेज-1 स्थित माउंट हिल एकेडमी में बिना मान्यता के कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं संचालित किए जाने का मामला सामने आया है।

जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) मथुरा की ओर से कराई गई जांच में शिकायत सही पाई गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर अब जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, होलीगेट निवासी आकाश चतुर्वेदी ने 19 मार्च 2026 को आईजीआरएस पोर्टल पर प्रधानमंत्री संदर्भ के तहत शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि माउंट हिल एकेडमी स्वयं को सीबीएसई, दिल्ली से संबद्ध बताकर बिना आवश्यक मान्यता के कक्षाओं का संचालन कर रहा है।

मामले की जांच के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने 9 अप्रैल 2026 को राजकीय हाईस्कूल बछगांव के प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार को जांच अधिकारी नामित किया था। जांच अधिकारी ने 28 अप्रैल 2026 को अपनी रिपोर्ट कार्यालय में प्रस्तुत की।

जांच रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि विद्यालय को केवल कक्षा 8 तक संचालन की मान्यता प्राप्त है, जबकि निरीक्षण के दौरान कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं संचालित होती पाई गईं। जांच अधिकारी ने शिकायतकर्ता की शिकायत को सही ठहराया है।

जिला विद्यालय निरीक्षक ने जांच रिपोर्ट और शिकायत की प्रति जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेजते हुए प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा की गई कार्रवाई से शिकायतकर्ता को अवगत कराने को कहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button