शहर को जलजमाव से निजात दिलाने की कवायद, नालों की सफाई का काम तेज़

 

रमेश ठाकुर के साथ आदित्य मिश्रा, नरकटियागंज(प० चंपारण)_नगर परिषद नरकटियागंज ने आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए साफ-सफाई अभियान को तेज़ कर दिया है। इसी क्रम में नगर सभापति श्रीमती रीना देवी ने शुक्रवार को नगर क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख नालों एवं नालियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ नगर परिषद के स्वच्छता पदाधिकारी, पार्षदगण, पार्षद प्रतिनिधि एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण की शुरुआत शिवगंज स्थित मुख्य नाले से हुई, जो शहर के सबसे व्यस्ततम क्षेत्रों में से एक है। इसके पश्चात सभापति ने वार्ड संख्या 14, 15 एवं 16 में स्थित नालों की सफाई व्यवस्था का भी जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर गंदगी और जलजमाव की स्थिति देखी गई, जिस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और शीघ्र कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

नगर सभापति रीना देवी ने कहा कि नगर परिषद की प्राथमिकता है कि मानसून आने से पूर्व ही शहर की नाला-नाली व्यवस्था को पूरी तरह से दुरुस्त कर लिया जाए, ताकि बारिश के दौरान जलजमाव जैसी समस्याएं उत्पन्न न हों। उन्होंने यह भी कहा कि सफाई कार्य में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्वच्छता पदाधिकारी रवि कुमार ने जानकारी दी कि सभी वार्डों में युद्ध स्तर पर नालों की उड़ाही एवं सफाई का कार्य चल रहा है। आगामी एक सप्ताह में प्रमुख स्थानों की सफाई पूरी कर ली जाएगी।

निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 15 के पार्षद कृष्णा प्रसाद, पार्षद प्रतिनिधि हरिशंकर प्रसाद, वार्ड संख्या 16 के पार्षद प्रतिनिधि अभिजीत आनंद उर्फ गोलू वर्मा, उपसभापति प्रतिनिधि संतोष राज समेत नगर परिषद के अन्य कर्मचारी और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।

स्थानीय जनता ने नगर सभापति की इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि इस बार शहर को जलजमाव से राहत मिलेगी और सफाई व्यवस्था में सुधार होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button