मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न
बलवान सिंह ब्यूरो चीफ बाराबंकी* बाराबंकी : जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में प्रस्तावित कार्यक्रमों के सुचारु आयोजन हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आज कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई।बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ योजना की रूपरेखा, वित्तीय प्रावधानों, भौतिक संसाधनों और आगामी तैयारियों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
जिलाधिकारी ने बैठक की शुरुआत में विगत वर्षों की प्रगति की समीक्षा की और इस वर्ष आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रम को और अधिक भव्य, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना न केवल गरीब, वंचित और पिछड़े वर्गों के लिए एक महत्वपूर्ण सहारा है, बल्कि सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। इस योजना के माध्यम से लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें सम्मानजनक तरीके से विवाह करने का अवसर दिया जाता है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा बताया गया कि वर्ष 2025-26 के लिए जनपद में कुल 752 जोड़ों के सामूहिक विवाह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है तथा शासन द्वारा प्रति जोड़े की अनुदान राशि को पूर्व निर्धारित ₹51,000 से बढ़ाकर ₹1,00,000 कर दिया गया है, इस राशि में ₹25,000 की उपहार सामग्री तथा ₹15,000 की धनराशि से भोजन, पंडाल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि उपहार सामग्री और अन्य सेवाओं की आपूर्ति के लिए ई-पोर्टल/ई-टेंडरिंग के माध्यम से पूरी पारदर्शिता के साथ चयन सुनिश्चित किया जाए।इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल के चयन, वैवाहिक जोड़ों की सूची के सत्यापन, आयोजन की तारीख, और समस्त विभागीय समन्वय पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर उसका पालन अनिवार्य रूप से किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री अन्ना सुदन अपर जिलाधिकारी(वि /रा) श्री अरुण कुमार सिंह जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. नीलम सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक तथा अन्य शैक्षणिक व प्रशासनिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।




