बाराबंकी श्रावण मेला को लेकर बाराबंकी पुलिस का ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी, रविवार दोपहर 3 बजे से रहेगा लागू
बलवानसिंह ब्यूरो चीफ बाराबंकी* बाराबंकी। श्रावण मास के प्रथम सोमवार 14 जुलाई को लोधेश्वर महादेवा मंदिर रामनगर में लगने वाले श्रावण मेले और कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु बाराबंकी पुलिस द्वारा विशेष ट्रैफिक डायवर्जन योजना जारी की गई है। यह व्यवस्था रविवार 13 जुलाई को दोपहर 3:00 बजे से सोमवार मेला समाप्ति तक प्रभावी रहेगी।
डायवर्जन व्यवस्था इस प्रकार रहेगी
1. गोंडा व बहराइच की ओर से बाराबंकी-लखनऊ आने वाले छोटे वाहन चौका घाट से मरकामऊ, बदोसराय, सफदरगंज होकर लखनऊ की ओर जाएंगे। कांवड़ियों की अधिक संख्या होने पर वाहन बहराइच से चहलारी मोड़ की ओर डायवर्ट किए जाएंगे।
2. लखनऊ से गोंडा व बहराइच जाने वाले भारी वाहन चौपुला तिराहा से अयोध्या होकर गंतव्य की ओर भेजे जाएंगे (केवल प्रथम सोमवार के लिए)।
3. लखनऊ से गोंडा-बहराइच की ओर जाने वाले हल्के वाहन सफदरगंज, बदोसराय, मरकामऊ होते हुए चौका घाट के रास्ते अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे। अधिक भीड़ होने पर वाहन किसान पथ होते हुए सीतापुर-चहलारी ब्रिज की ओर डायवर्ट होंगे।
4. हिंद हास्पिटल, असैनी मोड़, हैदरगढ़ ओवरब्रिज, पल्हरी ओवरब्रिज तथा चौपुला से शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा।
5. एफसीआई गोदाम देवा मार्ग से होकर गुजरने वाले भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं करेंगे, वे देवा मामा नहर पुल, माती चौकी होते हुए मटियारी से लखनऊ की ओर जाएंगे।
6. बाराबंकी से देवा एफसीआई गोदाम जाने वाले भारी वाहन मटियारी, माती चौकी होते हुए देवा मामा नहर पुल से एफसीआई गोदाम पहुंचेंगे।
7. बाराबंकी शहर, फतेहपुर कस्बा, फूलपुर चौराहा, मोहम्मदपुरखाला व सूरतगंज से रामनगर की ओर किसी भी भारी वाहन का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
बाह्य जनपद से डायवर्जन व्यवस्था
1. बहराइच, श्रावस्ती व बलरामपुर से सीतापुर/लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहन टिकोरा मोड़ से चहलारी पुल होते हुए रेउसा-विश्वा-सीतापुर होकर भेजे जाएंगे।
2. बहराइच से लखनऊ की ओर आने वाले छोटे वाहन चहलारी पुल, रेउसा, महमूदाबाद, बड्डूपुर, कुर्सी होकर लखनऊ की ओर जाएंगे।
महत्वपूर्ण निर्देश
आपातकालीन वाहन जैसे एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड आदि पर डायवर्जन का प्रभाव नहीं पड़ेगा।
व्यापारिक माल लाने वाले वाहन केवल रात 11:00 बजे से सुबह 4:00 बजे के बीच संचालित होंगे, जिसकी सूचना पूर्व में यातायात प्रभारी को देना अनिवार्य है।
बाराबंकी पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि श्रावण मास की धार्मिक भावना का सम्मान करते हुए संयम व नियमों का पालन करें। अफवाहों से बचें और किसी भी समस्या की स्थिति में निकटतम थाने या 112 नंबर पर तत्काल संपर्क करें।




