बिजली की घंटों कटौती से कानपुर में बिगड़ी मरीजों की हालत : कई बेहोश
सुनील बाजपेई
कानपुर। भीषण गर्मी के पक्ष में घंटों की बिजली कटौती ने यहां कई इलाकों के लाखों लोगों को बेहाल कर दिया। इसमें सबसे ज्यादा मरीजों की हालत खराब रही। इनमें से कई भीषण गर्मी के फलस्वरुप बेहोश भी हो गए । वहीं केस्को ने बिजली कटौती की वजह कराये जाने वाले कार्य बताए।
केस्को द्वारा जारी की गई विज्ञप्ति के मुताबिक एबी केबल डालने, सर्किट लगाने, 11केवी पैनल जोड़ने आदि कार्यों के कराने के चलते आज शुक्रवार को शहर के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। जिसकी वजह से मोहन गेस्ट हाउस, गौतम विहार, कृष्णा बैंक्वेट, न्यू बारासिरोही रोड और आसपास के क्षेत्र में सुबह साढ़े दस से लेकर शाम चार बजे तक बिजली नहीं रही।
इसीतरह से गुंजन विहार, बंबा रोड क्षेत्र में सुबह नौ बजे से लेकर शाम चार बजे तक, बजारिया चौक, चुन्नीगंज, कर्नलगंज, सीसामऊ, लकड़मंडी में सुबह दस से दोपहर 12 बजे तक, राजेंद्रनगर और अर्रा में सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर एक बजे तक, ओल्ड गुजैनी-1, कस्टम कॉलोनी, न्यू गुजैनी-1, अशोक कालिया, बर्रा गांव में सुबह साढ़े 10 से लेकर साढ़े 11 बजे तक, रविदासपुरम में सुबह नौ बजे से लेकर दोपहर डेढ़ बजे तक, गंगागंज में सुबह दस बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक बिजली गायब रहने से लोग बहुत बेहाल रहे। जिसमें सबसे ज्यादा खराब हालत बीमार लोगों की रही। इस दौरान बिजली की कटौती ने भीषण गर्मी की वजह से कई लोगों को बेहोश भी कर दिया।



