सूजा और कंकौल से सटे क्षेत्रों को किया जाएगा नगर निगम में शामिल: डीएम
नगर निकायों एवं बुडकों द्वारा किये जा रहे कार्य की समीक्षा में डीएम ने दिया नगर आयुक्त को प्रस्ताव बनाने का निर्देश
नन्दकिशोर दास
बेगूसराय ब्यूरो। जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला की अध्यक्षता में रविवार को देर शाम नगर निकायों एवं बुडकों द्वारा किये जा रहे कार्य की समीक्षा की गई। बैठक में सहायक समाहर्ता, नगर आयुक्त नगर निगम, अपर समाहर्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, परियोजना निदेशक, बुडको उपस्थित थे। साथ ही अनुमंड़ल पदाधिकारी एवं कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित थे। डीएम ने नगर निकायों में क्रियान्वित पथ, नाली, प्रस्तावित योजनाएं, सफाई व्यवस्था, जलापूर्ति, जल निकासी, जलजमाव, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना, एसटीपी सीवर लाईन अधिष्ठापन कार्य आदि मुद्दों के संबंध में की बारी-बारी से समीक्षा की गई। डीएम ने वर्तमान समय में शहर में हो रहे जलजमाव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सभी पदाधिकारियों को रोस्टर बनाकर प्रत्येक वार्ड का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। डीएम ने नगर निकायों के पदाधिकारियों को भ्रमण के दौरान समस्याग्रस्त वार्डों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रत्येक वार्ड में बुद्धिजीवी लोगों की समिति गठित करने को कहा गया, ताकि गठित समिति उक्त वार्ड की समस्याओं के निराकरण के लिए सुझाव दे सकें। उन्होंने जलजमाव वाले क्षेत्रों में जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने की स्थिति में जगह-जगह सोकपिट निर्माण कराने का भी निर्देश नगर निकायों को दिया। मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत क्रियान्वित योजना स्थल का कार्य से पूर्व, कार्य के दौरान एवं कार्य के बाद का फोटोग्राफ संधारन करने का निर्देश दिया। साथ ही नगर निकायों को वाहन मरम्मत के लिए एजेंसी नियुक्त करने को कहा। जल जीवन हरियाली योजना के कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। सभी निकायों को एसटीपी, एमआरएफ, लैंडफील साईट, कचरा प्रबंधन कार्यालय भवन, वेंडिंग जोन आदि के निर्माण के लिए भूमि चिन्हित करने को निर्देश अपर समाहर्ता को दिया गया। नगर निगम स्थित पथों की विभाग वार सूची बनाने का निर्देश नगर प्रबंधक को दिया गया। सूजा और कंकौल से सटे क्षेत्रों को नगर निगम में शामिल करने का प्रस्ताव बनाने का निर्देश नगर आयुक्त को दिया गया।




