किसान क्रेडिट कार्ड का लोन अदा न करने पर बैंक ने की दो किसानों की भूमि कुर्क
बलवान सिंह ब्यूरो चीफ बाराबंकी* बाराबंकी : तहसील क्षेत्र में किसान क्रेडिट कार्ड से दो किसानों द्वारा लोन लेकर बैंक का लोन चुकता न करने पर बड़ी कार्यवाही की गई है। बैंक कर्मियों ने शाखा के बकायेदारों की कृषि योग्य भूमि पर लाल झंडी लगाकर कुर्क कर ली है। शाखा प्रबंधक सहित तहसील कर्मियों की इस कार्रवाई से बकायादारों में खलबली मच गई है। फतेहपुर कस्बे में स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक देवेंद्र कुमार द्विवेदी के अनुसार इलाके के ग्राम मदनपुर निवासी गया प्रसाद पुत्र राम औतार ने वर्ष 2014 में किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से दो लाख 46 हजार रुपये का ऋण लिया था। कई सालों तक जमा न करने पर लिए गए लोन पर ब्याज सहित करीब दो लाख 73 हजार रुपए हो गए थे। वहीं इसी गांव ने निवासी ज्वाला प्रसाद पुत्र संत बख्श ने भी वर्ष 2013 में एक लाख 71 हजार लोन लिया था जो ब्याज सहित करीब दो लाख 60 हजार रुपए हो गए। दोनों बकायादारों को भुगतान के लिए नोटिस भेज कर जमा करने का अनुरोध किया गया।इसके बावजूद दोनों विलफुल केसीसी एनपीए खाताधारकों द्वारा बैंक का बकाया भुगतान ना करने पर शाखा प्रबंधक ने आरसी जारी करते हुए कुर्की के लिए तहसील प्रशासन को फाइल भेजी थी। जिसके बाद एसडीएम फतेहपुर के निर्देश पर शाखा प्रबंधक देवेंद्र कुमार द्विवेदी की अगुवाई में दोनों बकायादारों की बैंक में बंधक कृषि भूमि पर क्षेत्रीय लेखपाल व अमीन विजय कुमार,राजवंद मिश्र, सतीश सिंह,अनुसेवक संतोष,परशुराम द्वारा खेत में लगी धान की फसल में लाल झंडी लगाकर कुर्की की कार्यवाही की गई।राजस्व प्रशासन और शाखा प्रबंधक कि इस कार्रवाई से बकायादारों में हड़कंप बचा हुआ है।




