5767 मतदाताओं का नाम गलत तरीके से सूची में शामिल
शाहनवाज आलम पर्णिया बिहार,
पूर्णिया | कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिजेंद्र यादव एवं कांग्रेस नेता हयात अशरफ के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने निर्वाचन कार्यालय पहुंचकर उप निर्वाचन अधिकारी को मतदाता पुनरीक्षण सूची सौंपी। इसमें गलत प्रविष्ट हुए 5767 मतदाताओं के नाम तत्काल हटाने का आग्रह किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि मतदाता सूची में 5767 नाम गलत तरीके से दर्ज हुए हैं, साथ ही कई मकान नंबर भी गलत पाए गए हैं। इस कारण सही मतदाता अपने मताधिकार से वंचित हो सकते हैं और गलत मतदान की आशंका भी बनी रहती है।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष बिजेंद्र यादव एवं कांग्रेस नेता हयात अशरफ ने निर्वाचन पदाधिकारी से इस विषय पर अविलंब कार्रवाई करने की मांग की, ताकि लोकतंत्र की नींव मजबूत रहे और हर सही मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सके। उन्होंने कहा कि रोज़मर्रा की कमाई-खाने में व्यस्त दिहाड़ी मजदूरों के पास आपत्ति दर्ज कराने का समय नहीं होता। इसलिए प्रशासन को विशेष रूप से सतर्क रहते हुए मतदाता सूची को सही करना चाहिए।
जिला अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता हयात अशरफ ने बताया कि जननायक राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी पूरे प्रदेश में जागरूकता एवं मताधिकार (वोटर अधिकार) अभियान चला रही है, ताकि हर नागरिक को सही तरीके से मतदान का अधिकार मिल सके।



