बच्चा चोरी की साजिश का आरोप, 10 साल से निःसंतान महिला पर लगे गंभीर आरोप, पुलिस जांच में जुटी
मालदा (पश्चिम बंगाल) मालदा जिले के हरिश्चन्द्रपुर 1 ब्लॉक के राशिदाबाद ग्राम पंचायत अंतर्गत माराडांगी गांव में एक निःसंतान महिला पर बच्चा चुराने की साजिश रचने का सनसनीखेज आरोप उठा है। इस घटना से पूरे इलाके में तनाव फैल गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित महिला का नाम पियारी बानो (25), जो गिधिनपुकुर गांव की रहने वाली है। हालांकि पियारी ने बच्चा चोरी की योजना में शामिल होने के आरोप को सिरे से खारिज कर दिया है।
10 साल की शादी, संतान नहीं स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पियारी बानो की शादी 10 साल पहले माराडांगी गांव के रेजाउल हक से हुई थी। इतने सालों में कोई संतान नहीं हुई, जिससे परिवार में तनाव और अशांति का माहौल बना हुआ है।
पियारी का दावा है कि वह साढ़े नौ महीने की गर्भवती हैं और 9 सितम्बर को प्रसव की संभावना है। वह पिछले 10 महीनों से अपने मायके में ही रह रही हैं और डॉक्टर की रिपोर्ट भी दिखाई है।
बच्चा चोरी की योजना का आरोप हाल ही में पियारी बानो और उनकी मां हलीमा खातून पर आरोप लगा है कि उन्होंने गांव की ही दुखिया खातून नामक महिला को पड़ोसी काबुल अली की 15 दिन की बेटी को चुराकर लाने के लिए पैसे का प्रलोभन दिया।
जब दुखिया ने यह बात बच्ची की मां को बताई, तब गांव में हड़कंप मच गया और मामला थाने तक पहुंच गया।
पूर्व विवादास्पद घटनाएं पियारी बानो के बारे में यह भी सामने आया है कि करीब 5 साल पहले उन्होंने चांचल सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में बिना प्रसव पीड़ा के मरे हुए बच्चे को जन्म देने का दावा किया था।
वहीं दो साल पहले, जब उन्हें प्रसव के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, तो एम्बुलेंस में उनके कपड़ों में अचानक आग लग गई, और उनका दावा था कि बच्चा “जादू की तरह” पेट से गायब हो गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पियारी ये सभी घटनाएं अपने पति की आंखों में धूल झोंकने के लिए करती हैं, ताकि वह गर्भवती होने का नाटक कर सकें।
पुलिस जांच में जुटी हबीबपुर थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं गांव में पियारी की गर्भावस्था को लेकर भी संदेह बढ़ता जा रहा है।
बच्चा चोरी के प्रयास के आरोप और महिला की संदिग्ध गतिविधियों ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है, और अब सबकी नजर पुलिस की जांच पर टिकी हुई है।




