चांदपुरा एपीएचसी का निरीक्षण में हुई खामियां उजागर
नन्दकिशोर दास
बेगूसराय ब्यूरो। जिला कार्यक्रम प्रबंधक नसीम रज़ी, जिला योजना समन्वयक प्रिया बसंत एवं जिला स्वास्थ्य समिति में कार्यरत मानव संसाधन शुभम किशोर ने चांदपुरा स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (एपीएचसी) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में कई खामियां सामने आईं। पाया गया कि केंद्र में अब तक एक भी मरीज भर्ती नहीं हुआ है। प्रसव सेवा शुरू नहीं की गई है और दवाओं की उपलब्धता भी बेहद सीमित है। अस्पताल तक पहुंचने के लिए दिशा-सूचक बोर्ड तक नहीं लगाया गया है। सुविधाओं की स्थिति भी दयनीय है। शौचालय और बेड नॉन-फंक्शनल पाए गए। परिसर में लाइट और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं है। वहीं ड्यूटी रोस्टर, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक का नाम व मोबाइल नंबर प्रदर्शित नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि रात्रि में अस्पताल बंद रहता है और केवल गार्ड अंदर मौजूद रहते हैं। हालांकि निरीक्षण के दौरान 70 मरीजों का उपचार किया गया। अधिकारियों का कहना है कि यदि बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए तो मरीजों की संख्या और अधिक हो सकती है। योजना संचालन की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। भाव्या योजना और एमसीडी स्क्रीनिंग सही ढंग से नहीं हो रही है तथा पीएमएसएमए रजिस्टर उपलब्ध नहीं है। जांच सुविधा भी बेहद सीमित पाई गई। केवल ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन और ब्लड प्रेशर की जांच हो रही है, जबकि अन्य जांच उपलब्ध नहीं है। निरीक्षण दल ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।




