दो बांग्लादेशी तस्कर गिरफ्तार, नशीले पदार्थ और मवेशी बरामद
हिली, दक्षिण दिनाजपुर(पश्चिम बंगाल): भारत-बांग्लादेश सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) एक बार फिर सक्रिय भूमिका में है। बीएसएफ के रायगंज सेक्टर के सतर्क जवानों ने दरुंडा हिली-2 के सीमावर्ती इलाके से दो बांग्लादेशी तस्करों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान एम. मिठू (32) और सबुज (30) के रूप में हुई है। दोनों बांग्लादेश के दिनाजपुर जिले के हकीमपुर थाने के फकीरपारा गाँव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
बीएसएफ ने गिरफ्तार लोगों के पास से 8 बोतल शराब, 24 कैन बीयर और 2 मोबाइल फोन बरामद किए। बीएसएफ सूत्रों के अनुसार, जब्त की गई वस्तुओं को भारत से बांग्लादेश तस्करी करने की कोशिश की जा रही थी। गिरफ्तार लोगों को बरामद वस्तुओं के साथ हिली पुलिस थाने को सौंप दिया गया।
आज एक अन्य अभियान में, रायगंज सेक्टर के जवानों ने दक्षिण दिनाजपुर जिले के आदिवासीपारा और नबाग्राम के सीमावर्ती इलाके से 150 बोतल कफ सिरप बरामद किया।
दूसरी ओर, जलपाईगुड़ी और सिलीगुड़ी सेक्टर के सतर्क जवानों ने कूचबिहार के 72 निस्तारफ गाँव और जलपाईगुड़ी के कौलाहाटी गाँव से सटे सीमावर्ती इलाके से 11 गायों को तस्करी से पहले ही बरामद कर लिया।
बीएसएफ का दावा है कि सीमावर्ती इलाके में तस्करी रोकने के लिए उनका अभियान जारी रहेगा।




