छतौना के बूढ़ी गंडक नदी में डूबने से महिला की मौत, मचा कोहराम
शकील बेग
नावकोठी, बेगूसराय संवाददाता। छतौना के बूढ़ी गंडक नदी में डूबने से एक महिला की मौत हो गई। घटना शुक्रवार शाम की है। स्थानीय गोताखोरों ने डूबी हुई महिला के शव को शनिवार की सुबह नदी से बाहर निकाला। शव की शिनाख्त डफरपुर पंचायत के वार्ड संख्या 13 अब्बूपुर के टूना महतो की 46 वर्षीया पत्नी गीता देवी के रूप में की गयी। पुत्र अनमोल कुमार ने बताया कि माँ प्रतिदिन भगवती स्थान में संध्या पूजा अर्चना करने जाती थी। देर रात तक नहीं लौटने पर उसकी खोजबीन करने लगा, पर रात में कोई अतापता नहीं चल सका। सुबह नदी के किनारे खोजबीन के क्रम में भगवती स्थान के सामने बूढ़ी गंडक नदी के किनारे ग्रामीणों के साथ जाने पर उसकी चप्पल रखी हुई थी। उसकी नदी में डूबने की आशंका होने लगी। लोगों ने कयास लगाया कि शौच के लिए नदी किनारे गई होगी। शौच के बाद चप्पल खोलकर पानी के करीब हाथ व पैर धोने गई होगी। पैर फिसलने से वह असंतुलित होकर गहरे पानी में जाकर डूब गयी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना प्रशासन को दी। हसनपुर बागर के गोताखोर ने डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे ढूंढ लिया। शव बरामद होने के बाद परिजनों की चीत्कार से वातावरण गमगीन हो गया। नावकोठी पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया।

