एएसआई का थाने में फंदे से लटका मिला शव
भारत पोस्ट संवाददाता
समस्तीपुर। मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह थाना भवन की तीसरी मंजिल पर डायल.112 में तैनात सहायक अवर निरीक्षक बबलू कुमार प्रसाद का शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर पटोरी एसडीपीओ वीरेंद्र कुमार मेधावी, सर्किल इंस्पेक्टर पवन कुमार और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार थाना भवन की तीसरी मंजिल पर स्थित एक खाली कमरे में एएसआई का शव फंदे से लटका मिला। साथी पुलिसकर्मियों ने सुबह शव देखकर अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस आत्महत्या समेत अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मृतक बबलू कुमार प्रसाद पश्चिम चंपारण जिले के बगहा के रहने वाले थे और पिछले करीब ढाई वर्ष से मोहिउद्दीननगर थाना में डायल.112 पर तैनात थे। हाल ही में उनका तबादला कल्याणपुर में डायल.112 इकाई में हुआ था। लेकिन उन्होंने वहां अभी योगदान नहीं दिया था। समस्तीपुर में वह अकेले रहते थे, जबकि उनका परिवार बगहा में रहता है।




