बिजनौर से चंदन चौहान और नगीना से चंद्रशेखर जीते

 

भारत पोस्ट संवाददाता

बिजनौर ।जनपद बिजनौर की बिजनौर लोकसभा सीट से एनडीए गठबंधन से रालोद प्रत्याशी चंदन चौहान ने सपा के दीपक सैनी को 37508 वोटों से पराजित कर दिया है।जबकि नगीना लोकसभा (सुरक्षित)सीट पर भीम आर्मी चीफ तथा आज़ाद समाज पार्टी के प्रत्याशी चंद्रशेखर ने भाजपा प्रत्याशी ओम कुमार को 1,46,265 वोटों के विशाल अंतर से पराजित कर दिया।जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम अंकित अग्रवाल ने दोनों विजयी उम्मीदवारों को जीत का प्रमाण पत्र दिया।
बिजनौर लोकसभा सीट के विजेता रालोद के चंदन चौहान को 4,04,493 वोट,सपा के दीपक सैनी को 3,66,985 तथा बसपा के विजेंद्र सिंह को 2,18,986 वोट प्राप्त हुए।
नगीना लोकसभा (सुरक्षित)सीट पर विजेता आज़ाद समाज पार्टी कांशीराम के चंद्रशेखर को 4,95,669 वोट,पराजित भाजपा के ओम कुमार को 3,49,265 वोट प्राप्त हुए।बसपा प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह मैनवाल मात्र 12,786 वोटों पर ही सिमट गए।
बिजनौर के सेंट्रल वेयर हाउस में मंगलवार की शाम मतगणना का काम संपन्न हो जाने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम अंकित अग्रवाल ने 05 नगीना लोकसभा(सुरक्षित सीट)से निर्वाचित चंद्रशेखर को जीत का प्रमाण पत्र दिया।चंद्रशेखर की अभूतपूर्व जीत के बाद मतगणना स्थल पर मौजूद उनके एजेंट और मतगणना केंद्र के बाहर मौजूद उनके समर्थक जश्न में डूब गए और चंद्रशेखर के समर्थन में नारेबाजी करने लगे।चंद्रशेखर की बड़ी जीत के बाद नगीना में उनके समर्थकों में जश्न का माहौल बना हुआ है और एक दूसरे को मिठाई खिला कर बधाई दे रहे हैं।
सहारनपुर के छुटमलपुर निवासी भीम आर्मी चीफ तथा आज़ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद पिछले एक साल से अधिक समय से नगीना लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे और जमीनी स्तर पर मेहनत कर रहे थे।चंद्रशेखर इंडिया गठबंधन से चुनाव लड़ना चाहते थे।लेकिन इंडिया गठबंधन में नगीना लोकसभा सीट सपा के हिस्से में आने के बाद तथा सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा सपा प्रत्याशी के रूप में पूर्व जज मनोज कुमार को चुनाव मैदान में उतार देने के बाद चंद्रशेखर ने अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया और एक बड़ी जीत दर्ज कर इतिहास बना दिया।
________________

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button