बाराबंकी खाद्य विभाग की छापेमारी, सरस्वती स्वीट्स पर 35 किलो नमकीन नष्ट, फतेह फ्लोर मिल पर गंदगी व 451 बोरी मैदा सीज, नोटिस जारी

 

*बलवान सिंह ब्यूरो चीफ बाराबंकी*

बाराबंकी। जिलाधिकारी के आदेश पर खाद्य विभाग की प्रवर्तन टीम ने नगर में सघन छापेमारी अभियान चलाया। उप जिलाधिकारी नवाबगंज आनंद तिवारी व सहायक आयुक्त (खाद्य)-II डॉ. शैलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में छाया चौराहा स्थित सरस्वती स्वीट्स की दुकान व निर्माण स्थल का निरीक्षण किया गया। मौके से नमकीन, देशी घी, लड्डू व छेना के नमूने संग्रहित किए गए।

निरीक्षण के दौरान लगभग 35 किलो नमकीन विक्रय हेतु रखा मिला, जिसमें रंग की मात्रा अधिक पाई गई तथा पैकेट पर आवश्यक सूचनाएं अंकित नहीं थीं। गुणवत्ता संदिग्ध होने पर नमकीन को मौके पर नष्ट कराया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 10 हजार रुपए आंकी गई।

इसी क्रम में पल्हरी स्थित फतेह फ्लोर मिल पर भी छापा डाला गया, जहां गंदगी व अत्यधिक कूड़े का जमाव पाया गया। सूजी, मैदा व आटे की बोरियां सीधे फर्श पर भंडारित थीं। मैदा व सूजी के चार नमूने जांच के लिए लिए गए। मौके पर हिना फूड प्रोडक्ट्स प्रा. लि., रनिया कानपुर देहात और केयस फ्लोर मिल प्रा. लि., दुलहीपुर, चंदौली के नाम से पैकिंग का कार्य हो रहा था, लेकिन संबंधित अभिलेख मौजूद नहीं थे।

गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर 451 बोरी मैदा (मूल्य लगभग 6.76 लाख रुपये) को सीज कर दिया गया। अस्वास्थ्यकर स्थिति के कारण फतेह फ्लोर मिल को नोटिस जारी की गई है। अनुपालन न होने पर मिल को बंद करने की कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा बाबा स्वीट्स, लखपेड़ाबाग चौराहा से बर्फी का नमूना भी संग्रहित किया गया। इस अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरद पांडेय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण कुमार, भगौती प्रसाद, अर्शी फारूकी, पल्लवी तिवारी, अनुराधा मिश्रा व सलिल कुमार सिंह शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button