बंगाल चुनाव बीजेपी का अनूठा प्रचार: ‘ढाक’ की थाप पर जनसंपर्क करने निकले अभिषेक सिंघानिया,* * हनुमान मंदिर में टेका मत्था 

 

अजित प्रसाद, मालदा ; पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मालदा जिले के रतुआ विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। यहाँ से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अभिषेक सिंघानिया एक बेहद अनूठे और पारंपरिक अंदाज में मतदाताओं के बीच पहुँच रहे हैं। बुधवार को अभिषेक सिंघानिया ने काहाला अंचल के विभिन्न क्षेत्रों में अपना चुनावी दौरा किया। उनके प्रचार की सबसे खास बात यह रही कि वे अपने साथ ‘ढाक’ (पारंपरिक ढोल) लेकर निकले थे। ढाक की गूँज के साथ उन्होंने प्रत्येक बूथ पर जाकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया और उनके साथ सीधा संवाद किया। प्रचार अभियान की शुरुआत उन्होंने गबुआ हनुमान मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की। मंदिर में माथा टेकने के बाद उन्होंने काहाला अंचल के लगभग चार बूथों पर जाकर सघन जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से उनकी समस्याओं और शिकायतों को सुना और जीतने पर उनके समाधान का भरोसा दिलाया। अभिषेक सिंघानिया केवल सड़कों पर ही नहीं, बल्कि गाँव के घरों के अंदर तक जाकर बुजुर्गों और महिलाओं से आशीर्वाद लेते हुए नजर आए। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा:”मैं इस क्षेत्र के लोगों की सेवा के लिए मैदान में उतरा हूँ। हनुमान जी का आशीर्वाद और जनता का प्यार ही मेरी असली ताकत है। रतुआ में इस बार परिवर्तन की लहर है और हम हर बूथ पर विकास का संदेश पहुँचा रहे हैं।”ढाक के साथ इस तरह के पारंपरिक प्रचार को देखकर ग्रामीण इलाकों में काफी उत्साह देखा गया। लोगों का कहना है कि प्रत्याशी का यह सादगी भरा अंदाज उन्हें आम जनता के और करीब ला रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं का दावा है कि इस बार रतुआ में पार्टी की जीत निश्चित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button