प्रधान बदलना गुड्डा.गुड्डी का खेल नहीं : बघेल
भारत पोस्ट संवाददाता
चण्डीगढ़। पंजाब कांग्रेस में बगावत के बीच प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल ने एक बार फिर दोहराया है कि प्रदेश नेतृत्व नहीं बदलेगा। ये गुड्डा.गुड्डी का खेल नहीं है। बघेल को पंजाब कांग्रेस में बढ़ते विवाद के चलते मंगलवार देर रात रायपुर से दिल्ली तलब कर लिया गया था। जब उन्हें दिल्ली आने की सूचना मिली तो उन्होंने आग्रह किया कि वे बुधवार सुबह आएंगे मगर हाईकमान ने उन्हें मंगलवार रात को ही फ्लाइट पकड़कर आने को कहा। इस पर बघेल मंगलवार आधी रात को ही दिल्ली पहुंचे।
बुधवार सुबह राहुल गांधी से मुलाकात से पहले बघेल सीधे केसी वेणुगोपाल के आवास पर पहुंचे। उधर चंडीगढ़ से नेता प्रतिपक्ष प्रताप बाजवा भी वेणुगोपाल से मिलने दिल्ली पहुंचे। करीब आधा घंटा बघेल और बाजवा के साथ वेणुगोपाल ने बैठक की। अब ये नेता राहुल गांधी से मिलेंगे।
पंजाब कांग्रेस में विवाद का मसला उलझता जा रहा है मगर राहुल गांधी चाहते हैं कि ये बगावत जल्दी थम जाए ताकि एकता का संदेश देते हुए कांग्रेस एक टीम की तरह विधानसभा चुनाव में उतरे। उधर वेणुगोपाल के आवास पर बाजवा और बघेल के बीच बैठक में नए संकेत भी दिए हैं। संभवत: प्रदेश नेतृत्व बदला भी जा सकता है लेकिन बघेल नेतृत्व परिवर्तन के खिलाफ ही अपना रूख अपनाए हुए हैं। ऐसे में अब राहुल गांधी को फैसला लेना है। राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे 16 जुलाई को पंजाब के नाराज नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं।




