कोलकाता रेड रोड पर ईद की नमाज में शामिल हुईं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी
नमाजियों को दी ईद की मुबारकबाद
अजित प्रसाद, कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शनिवार सुबह कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित ईद-उल-फितर की सामूहिक नमाज में शामिल हुईं। इस मौके पर उन्होंने राज्य और देश के कोने-कोने से आए हजारों नमाजियों को ईद की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।हर साल की तरह इस बार भी मुख्यमंत्री ने रेड रोड पर बने विशेष मंच से लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा, “ईद खुशियों और मिलन का त्योहार है। हम सभी धर्मों के लोग मिलकर हर उत्सव मनाते हैं।” उन्होंने प्रार्थना की कि यह ईद सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए। इस अवसर पर उनके साथ तृणमूल कांग्रेस के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी भी मौजूद थे।
रेड रोड पर नमाज के लिए सुबह से ही भारी भीड़ जुटने लगी थी। सुरक्षा के मद्देनजर कोलकाता पुलिस ने पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया था। नमाज संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री ने मंच से उतरकर आम लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और छोटे बच्चों को प्यार और दुआएं दीं।मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में जोर देकर कहा कि बंगाल हमेशा से सद्भाव की राह पर चला है और यहाँ सभी त्योहारों को समान सम्मान के साथ मनाया जाता है। उन्होंने सभी से शांति बनाए रखने और मिल-जुलकर रहने की अपील की।



