सिलीगुड़ी नगर निगम के 40 नंबर वार्ड में घर में भीषण आग, पूरा सामान जलकर खाक
अजित प्रसाद / सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी नगर निगम के 40 नंबर वार्ड में इस्कॉन मंदिर के पास स्थित एक घर में गुरुवार देर रात अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की इस घटना में घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। अचानक इलाके के लोगों ने घर से धुआँ उठते देखा और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। खबर पाते ही दमकल का एक इंजन मौके पर पहुंचा। हालांकि आग पर काबू पाने से पहले ही घर के कागज़ात और अन्य मूल्यवान सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
दमकलकर्मियों की प्राथमिक जांच के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। नुकसान भारी बताया जा रहा है, हालांकि राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।



