दमकल मुख्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री, तैयारियों का लिया जायजा
*आग की घटनाओं से निपटने के लिए हर समय अलर्ट रहने का निर्देश*
*कोलकाता :* मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को कोलकाता स्थित अग्निशमन विभाग (फायर ब्रिगेड) मुख्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभाग की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक व्यवस्था और आपातकालीन तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने दमकल वाहनों की स्थिति, आधुनिक अग्निशमन उपकरणों की कार्यक्षमता और आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से किसी भी घटना के दौरान रेस्पॉन्स टाइम को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और व्यवस्थागत सुधारों को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि महानगर में आग लगने जैसी घटनाओं से निपटने के लिए दमकल विभाग को हमेशा हाई अलर्ट पर रहना होगा।
उन्होंने आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल, संसाधनों को मजबूत करने और राहत-बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपात स्थिति में लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए विभाग को हर स्तर पर तैयार रहना चाहिए।




