मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सुरक्षा बढ़ी, अब बुलेटप्रूफ वाहन से करेंगे सफर
एसटीएफ की जांच में एक और आरोपी गिरफ्तार, आतंकी नेटवर्क से जुड़े सभी पहलुओं की गहन पड़ताल जारी
सिलीगुड़ी। पश्चिम बंगाल में सामने आए संभावित आतंकी खतरे के मद्देनजर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियों की सलाह पर अब मुख्यमंत्री के आवागमन के लिए बुलेटप्रूफ वाहन का इस्तेमाल किया जाएगा। इसी बीच, पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने आतंकी गतिविधियों से कथित संबंधों की जांच के सिलसिले में हावड़ा से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में लगातार हो रही गिरफ्तारियों के बाद जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क और उसके संभावित संपर्कों की गहन जांच में जुटी हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदित्य सिंह उर्फ राज के रूप में हुई है। वह हावड़ा के बेलिलियस रोड का निवासी और उमेशचंद्र कॉलेज का द्वितीय वर्ष का छात्र है। एसटीएफ ने उसे पूछताछ के बाद औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया। उसे बर्धमान की अदालत में पेश किया जाएगा।
जांच एजेंसियों का कहना है कि आदित्य का संबंध पहले गिरफ्तार किए गए हमीम मंडल से होने की आशंका है। इसी कड़ी में उसकी भूमिका और संभावित गतिविधियों की जांच की जा रही है।
इस पूरे मामले की शुरुआत राज्य के नगर विकास विभाग के राज्यमंत्री उमेश चंद्र को पाकिस्तान से कथित धमकी भरे फोन आने के बाद हुई थी। आरोप है कि फोन करने वाले ने मंत्री की हत्या और उनके बेटे के अपहरण की धमकी दी थी। इसके बाद मामले की जांच स्पेशल टास्क फोर्स को सौंपी गई।
एसटीएफ ने जांच के दौरान पहले बर्धमान से हमीम मंडल और बाद में झारखंड से उसकी कथित सहयोगी अर्पिता सरकार को गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसियों का आरोप है कि दोनों के विदेशी आतंकी तत्वों से संपर्क थे और राज्य में संवेदनशील जानकारियां जुटाने की कोशिश की जा रही थी। अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियों ने फिलहाल मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। वहीं, एसटीएफ का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।




