विचार मंथन लोकतंत्र में जन समस्याओं के निवारण का सर्वश्रेठ माध्यम :शाह
डॉ.समरेंद्र पाठक
वरिष्ठ पत्रकार
नयी दिल्ली,24 अगस्त 2025 केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज कहा कि विचार मंथन लोकतंत्र में जन समस्याओं के निवारण का सर्वश्रेठ माध्यम है।
श्री शाह यहां दिल्ली विधानसभा में स्वतंत्रता सेनानी विट्ठलभाई पटेल के केन्द्रीय विधानसभा के पहले निर्वाचित भारतीय स्पीकर बनने के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय स्पीकर्स सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, केन्द्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजेजु, दिल्ली के उप-राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
श्री शाह ने दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष से आग्रह किया कि वे इस सदन में सभी महानुभावों द्वारा दिए गए भाषणों का संकलन देश की सभी विधानसभाओं के पुस्तकालयों में उपलब्ध कराएं ताकि आज के युवा और विधायक जान सकें कि दिल्ली विधानसभा में स्वतंत्रता की भावना जगाने का कार्य किस प्रकार हुआ था।
श्री शाह ने कहा कि दिल्ली विधानसभा ने विट्ठलभाई पटेल के जीवन पर आधारित एक सुंदर प्रदर्शनी आयोजित की है। उन्होंने अनुरोध किया कि इसी प्रकार की प्रदर्शनी सभी विधानसभाओं में लगाई जाए, ताकि न केवल विट्ठलभाई के जीवन और उनके कार्यों बल्कि स्वतंत्रता के इतिहास के बारे में भी देश के सभी विधायकों, विधान परिषद के सदस्यों और युवाओं को जानकारी प्राप्त हो सके।




