कानपुर में कुकिंग गैस के लिए लाइन में भीड़, काला बाजारी के खिलाफ डीएम की चेतावनी
सुनील बाजपेई
कानपुर। मध्य-पूर्व के देशों में जारी युद्ध के फलस्वरूप कुकिंग गैस की आउटपुट प्रभावित होने से लोग परेशान हैं। यहां बुधवार सुबह गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर सिलेंडर लेने वालों की भीड़ लंबी कतारों में दिखाई पड़ी।
लोगों का कहना है कि पहले जहां गैस एजेंसियों पर रोजाना दो गाड़ियां सिलेंडर लेकर आती थीं, वहीं अब दो दिन में मुश्किल से एक गाड़ी पहुंच रही है।
जानकारी के मुताबिक यही कारण है कि सप्लाई घटने के कारण एजेंसियों पर सिलेंडर जल्दी खत्म हो जा रहे हैं। कई उपभोक्ता सुबह से लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं।
यहां कहीं बुकिंग के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल रहा तो किसी एजेंसी का सर्वर न आने की वजह से बंटने का काम रुका हुआ है। इसके अलावा एजेंसियों में जहां रोज दो गाड़ी आती थी। वहीं, इस समय दो दिन में महज एक गाड़ी पहुंच रही है। सप्लाई घट गई है।
यही हालत हसील बिल्हौर के भी हैं। यहां स्थित एचपी गैस एजेंसी बुधवार सुबह से अब तक बंद पड़ी है। एजेंसी का ताला नहीं खुला और किसी भी कर्मचारी का फोन भी नहीं लग रहा है। एजेंसी के बाहर उपभोक्ता भी नजर नहीं आए, जो भी ग्राहक सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं, ताला बंद देखकर वापस लौट जा रहे हैं। मौके पर मिले कस्बा निवासी संजय त्रिपाठी ने बताया कि वह बुधवार को एजेंसी आए थे, तब कर्मचारियों ने गुरुवार को सिलेंडर देने की बात कही थी।
उन्होंने बताया कि वह गोदाम भी गए थे, जहां कर्मचारियों ने लोड आने के बाद सिलेंडर देने की बात कही है। फिलहाल समस्या के खिलाफ हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। वहीं दूसरी ओर यहां के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने चेतावनी दी है कि कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं होगी। मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




