पहसारा के श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर रासलीला में उमड़ी दर्शकों की भीड़
नावकोठी, बेगूसराय भारत पोस्ट संवाददाता।प्रखंड के पहसारा श्रीकृष्ण मेला में आयोजित रासलीला में भक्ति गीतों व संवाद में भारी बारिश के बावजूद भी दर्शक जमे रहे। रासलीला शुरू होते ही वर्षा शुरू हो गयी। फिर भी रासलीला में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। श्री झूल बिहारी गोपीकृष्ण रासलीला मण्डल करहाना, बरसाना, मथुरा से आयी रासलीला की टीम ने दर्शकों का काफी मनोरंजन किया। रासलीला में राधा कृष्ण की लीला, गोपियों के भाव विह्वल नृत्य पर दर्शक मंत्रमुग्ध हो उठे। टीम ने देवकी और वासुदेव विवाह का विहंगम दृश्य प्रस्तुत किया। वहीं कंस की इस विवाह में भूमिका को भी संजीदगी के साथ परोसा गया। फिर देवकी की विदाई, भगवान कृष्ण के जन्म का भी यथार्थ प्रदर्शन कर दर्शकों को भाव विभोर कर दिया। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दौरान रासलीला के संचालक ने वृन्दावन का चित्रण करते हुए कहा कि एक बार अयोध्या जाओ, दो बार द्वारिका, तीन बार जाके त्रिवेणी में नहाओगे। चार बार चित्रकूट, सौ बार नासिक, बार-बार बद्रीनाथ घूम आओगे, कोटिबार काशी, केदारनाथ, रामेश्वरम, गया, जगन्नाथ चाहे जहां जाओगे, होंगे प्रत्यक्ष जहां दर्शन श्याम श्यामा के, वृन्दावन सा आनंद कहीं नहीं पाओगे पर दर्शकों की वाहवाही लूटी। दुर्गा पण्डित, संतोष पचौरी सहित अन्य कलाकारों के बेहतरीन प्रदर्शन के लिए लोगों ने रासलीला टीम एवं आयोजक को बधाई दी।




