आर्थिक विकास युद्ध जैसे हालातों में संभव नहीं – धनखड़
डॉ. समरेन्द्र पाठक
वरिष्ठ पत्रकार
गोवा,21मई 2025.उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने आज कहा कि हमारा लक्ष्य भारत को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र एवं विकसित भारत बनाने का है। इसके लिए प्रति व्यक्ति आय में आठ गुना वृद्धि आवश्यक है। यह तभी संभव है,जब हमारे सीमाओं पर शांति हो। यह आर्थिक विकास युद्ध जैसे हालातों में नहीं हो सकता है।
श्री धनखड़ ने यहां मोरमुगाओ बंदरगाह पर विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए कहा कि विकास और प्रगति के लिए शांति अनिवार्य है।इस अवसर पर गोवा के राज्यपाल पी.एस.श्रीधरन पिल्लई एवं मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत एवं केंद्रीय राज्य मंत्री शान्तनु ठाकुर उपस्थिति थे।
उप राष्ट्रपति ने कहा कि मैंने कई अवसरों पर यह दोहराया है, और आज फिर दोहराता हूँ — राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए राष्ट्रवाद के प्रति अडिग और अटल प्रतिबद्धता और निरंतर तैयारी आवश्यक है।
श्री धनखड़ ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सराहना करते हुए कहा कि जब 22 अप्रैल को पहलगाम में पाकिस्तान द्वारा आतंकवादी दुस्साहस किया गया, तब भारत ने बेहद प्रभावी तरीके से जवाब दिया। जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के मुरीदके और बहावलपुर स्थित ठिकानों को सटीकता से निशाना बनाया गया।




