डिजिटल अरेस्ट घोटाला सीबीआई की 16 राज्यों में 80 ठिकानों पर छापेमारी
भारत पोस्ट संवाददाता
नई दिल्ली। सीबीआई ने आज 16 राज्यों में 80 ठिकानों पर छापेमारी की है। यह छापेमारी डिजिटल अरेस्ट स्कैम से जुड़े मामले में की गई है। सीबीआई ने ऑपरेशन चक्र के तहत यह कार्रवाई की है। इस ऑपरेशन के जरिए सीबीआई द्वारा साइबर अपराध के बुनियादी ढांचे पर समन्वित कार्रवाई की जा रही है।
सीबीआई ने ऑपरेशन चक्र के दौरान 60 विशेष टीमों का गठन किया है। इन टीमों ने पंजाब, गुजरात, दिल्ली, महाराष्ट्र, हरियाणा, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, असम, पश्चिम बंगाल, मणिपुर, कर्नाटक और ओडिशा समेत 16 राज्यों में 80 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया है।
सीबीआई की यह कार्रवाई डिजिटल अरेस्ट स्कैम की जांच का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य देश में डिजिटल गिरफ्तारी घोटालों के 200 से अधिक मामलों में शामिल परिचालन नेटवर्क को खत्म करना है। सीबीआई ने इस मामले में शेल कंपनियों के गठन और अवैध बैंक खातों को खोलने के मामले में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इन खातों का इस्तेमाल डिजिटल गिरफ्तारी से मिली धांधली की रकम को मनी लॉन्ड्रिंग करने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।



