बाढ़ प्रभावित 18 परिवारों को मिली 21लाख से अधिक की त्वरित सहायता राशि
*बलवान सिंह ब्यूरो चीफ, बाराबंकी : बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य की समीक्षा एवं सामग्री वितरण के लिए गुरुवार को तहसील रामसनेही घाट अन्तर्गत खजुरी स्थित राहत केंद्र पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के प्रभारी मंत्री/कारागार राज्य मंत्री मा0 सुरेश राही तथा खाद्य एवं रसद मंत्री मा0 सतीश चन्द्र शर्मा ने संयुक्त रूप से एम0एल0सी श्री अंगद कुमार सिंह व जिलाध्यक्ष भाजपा श्री अरविंद कुमार मौर्य के साथ बाढ़ प्रभावित 100 से अधिक परिवारों को राहत सामग्री वितरित की। इसके अलावा कटान/क्षतिग्रस्त हुए 18 मकान स्वामियों को तात्कालिक सहायता के रूप में 21 लाख से अधिक की सहायता राशि की प्रतीकात्मक चेक प्रदान की। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने स्वयं जनपद की बाढ़ स्थितियों पर नजर रखी है और उनके निर्देशानुसार प्रशासन ने तेजी से कार्यवाही की है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार हर जरूरतमंद तक समय से सहायता पहुंचाएगी।
कटान से प्रभावित 18 घरों के स्वामियों को मिली 21 लाख से अधिक की आर्थिक सहायता
बाढ़ की कटान से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए प्रत्येक मकान स्वामियों को 1 लाख 20 हजार रुपये (कुल 21 लाख से अधिक) की सहायता राशि प्रदान की गयी। जिसमें लाभार्थियों में राम अभिलाख सिंह, रामबहादुर, भगवान, सुमिरता, सुशीला देवी, तुलसीराम, रामबक्श, चमनलाल, राम सागर, लालू, श्रीकृष्ण, गीता, लालबहादुर, सुकई, रामकरन, मोतीलाल व तुलसीराम शामिल रहे। इस दौरान 05 लाभार्थियों को मा0 मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृति पत्र भी प्रदान किये गए। ग्रामीणों ने इस सहायता के लिए सरकार व मंत्रिगण का आभार जताया।
100 परिवारों को मिली राहत सामग्री
राहत केंद्र पर प्रभारी मंत्री मा0 सुरेश राही ने कहा कि प्रदेश सरकार हर आपदा पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। राहत शिविर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने 100 प्रभावित परिवारों को 52 किलो की राहत सामग्री किट वितरित की। इसमें चावल, आटा, दाल, आलू, नमक, तेल, मसाले, मोमबत्ती, माचिस सहित आवश्यक वस्तुएँ शामिल थीं। उन्होंने कहा कि किसी भी पीड़ित परिवार को भूखा नहीं रहने दिया जाएगा और प्रशासन लगातार राहत सामग्री पहुँचाने के साथ चिकित्सीय सुविधाएं भी उपलब्ध करा रहा है।
सुरक्षित स्थलों पर बसाए जाएंगे ग्रामीण : मा0 सतीश चन्द्र शर्मा
खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री मा0 सतीश चन्द्र शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जी का स्पष्ट निर्देश है कि कोई भी प्रभावित परिवार असहाय न रहे। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थलों पर बसाया जाएगा। बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों के आस-पास के ग्रामीणों को ग्राम पंचायत स्तर पर भूमि उपलब्ध कराकर मकान निर्माण हेतु मदद दी जाएगी, ताकि भविष्य में उन्हें बार-बार इस समस्या का सामना न करना पड़े।




