किसान सभा का बड़ा ऐलान बिहार में 10 अगस्त को जेल भरो आंदोलन

-नई राज्य परिषद और पदाधिकारियों का हुआ चुनाव

भारत पोस्ट संवाददाता
पटना। ऑल इंडिया किसान सभा का 38वां बिहार राज्य सम्मेलन मोतिहारी में संपन्न हो गया। सम्मेलन में बिहार के 30 जिलों से आए 315 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार की किसान विरोधी नीतियों की आलोचना की गई और किसानों के मुद्दों को लेकर संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया गया।
सम्मेलन में फैसला लिया गया कि किसानों की समस्याओं और सरकार की नीतियों के विरोध में 10 अगस्त को बिहार के सभी जिलों में जेल भरो आंदोलन चलाया जाएगा। इसके लिए जिला स्तर पर व्यापक तैयारी करने और अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने का आह्वान किया गया।
प्रतिनिधियों ने कहा कि किसानों की आय, खेती की लागत,सिंचाई, फसल के उचित दाम और कर्ज जैसी समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाई जाएगी। साथ ही स्थानीय स्तर के किसान आंदोलनों को भी मजबूत किया जाएगा।
सम्मेलन में संगठन के विस्तार और मजबूती पर विशेष जोर दिया गया. नेताओं ने कहा कि किसानों के अधिकारों की लड़ाई को प्रभावी बनाने के लिए गांव.गांव तक संगठन को मजबूत करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से सदस्यता अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रमों को भी तेज करने का निर्णय लिया गया।
सम्मेलन के दौरान 85 सदस्यीय नई राज्य परिषद का चुनाव किया गया। इसके बाद परिषद ने 15 राज्य पदाधिकारियों का भी चयन किया. विधायक अजय कुमार को संगठन का नया राज्य अध्यक्ष चुना गया। वहीं बिनोद कुमार को दोबारा महासचिव और मनोज चंद्रवंशी को नया वित्त सचिव बनाया गया। उपाध्यक्ष पद के लिए राजेंद्र प्रसाद सिंहए ललन चौधरी, अवधेश कुमार, प्रभुराज नारायण राव, मोहम्मद सत्तार और संजय कुमार का चुनाव हुआ. संयुक्त सचिव के रूप में राजमंगल प्रसादए श्याम भारती, रणधीर यादव, मनोज कुमार यादव, मनोज प्रसाद सुनील और दयानिधि चौधरी को चुना गया।
सम्मेलन में यह भी तय किया गया कि नई राज्य परिषद अपनी अगली बैठक में कार्यकारी समिति का गठन करेगी। संगठन के नेताओं ने किसानों के मुद्दों पर संघर्ष को और मजबूत बनाने तथा राज्यभर में आंदोलन को व्यापक रूप देने का संकल्प दोहराया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button