हजारों कंठों’ से गूंजा गीता पाठ, विदेशी साधु-संतों की उपस्थिति में उमड़ा भक्तों का जनसैलाब
अजित प्रसाद,कूचबिहार(पश्चिम बंगाल ) : पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के अंतर्गत दिनहाटा-2 ब्लॉक के सुदूर ग्रामीण क्षेत्र ‘अबुतारा’ में शनिवार को एक अभूतपूर्व दृश्य देखने को मिला। यहाँ के स्थानीय फुटबॉल मैदान में आयोजित ‘हजारों कंठों में गीता पाठ’ (हजार कंठे गीता पाठ) कार्यक्रम में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि आयोजकों के लिए व्यवस्था संभालना मुश्किल हो गया।
इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान में केवल स्थानीय लोग ही नहीं, बल्कि इस्कॉन (ISKCON) के विभिन्न केंद्रों सहित विदेशों से भी साधु-संत शामिल हुए। कार्यक्रम में विशेष रूप से रूस, यूक्रेन और उरुग्वे जैसे देशों से आए विदेशी भक्तों की उपस्थिति आकर्षण का केंद्र रही। युद्ध और अशांति के बीच विभिन्न देशों से आए इन साधुओं ने एक साथ बैठकर गीता के श्लोकों का पाठ किया, जो विश्व शांति का संदेश दे रहा था।
आयोजन समिति के सदस्य मिलन सेन ने बताया कि यह इस कार्यक्रम का दूसरा वर्ष है। पिछले वर्ष लगभग 30 हजार भक्तों ने भाग लिया था, लेकिन इस साल सुबह 11 बजे तक ही यह संख्या 50 हजार के पार पहुंच गई।
“हमें उम्मीद नहीं थी कि इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटेंगे। मैदान पूरी तरह से भर चुका है और अभी भी लोगों का आना जारी है। अब हमारे सामने सबसे बड़ी चिंता यह है कि आने वाले नए भक्तों को जगह कहाँ दी जाए।” — मिलन सेन, आयोजन समिति
इस आयोजन ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी आध्यात्मिक कार्यक्रमों के प्रति लोगों का उत्साह चरम पर है। आयोजकों को उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में यह संख्या और भी बढ़ेगी और यह क्षेत्र गीता पाठ के एक बड़े केंद्र के रूप में उभरेगा।




