हिन्दी दिवस: भाषा की उपयोगिता, महत्व एवं उसके निरंतर बढ़ते प्रभाव पर दी गई प्रस्तुति
नन्दकिशोर दास
बेगूसराय ब्यूरो। रविवार को समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में जिला प्रशासन की ओर से हिंदी दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर सहायक समाहर्ता अजय यादव, अपर समाहर्ता बृज किशोर चौधरी सहित अन्य पदाधिकारियों के द्वारा किया गया। इस अवसर पर संगीत शिक्षिका सुश्री तन्नू कुमारी ने स्वागत गान प्रस्तुत कर वातावरण को भावपूर्ण बना दिया।साथ ही अन्य वक्ताओं ने हिंदी भाषा की उपयोगिता, महत्व एवं उसके निरंतर बढ़ते प्रभाव पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में उपस्थित कर्मियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने भी व्याख्यान और कविता पाठ की मनमोहक प्रस्तुतियां दी। कविता पाठ सत्र की शुरुआत बालकवि तेजस कुमार के द्वारा की गई। इसके अतिरिक्त मनोज झा, रूपम झा, रंजन झा, प्रभा कुमारी, चाँदनी कुमारी एवं रंजना सिंह आदि ने भी अपनी कविताओं के माध्यम से कार्यक्रम को ऊँचाई प्रदान की। समस्त कार्यक्रम का सफल संचालन मध्य विद्यालय हर्रख के शिक्षक उमेश मिश्रा द्वारा किया गया। अंत में वरीय उप समाहर्ता सुश्री पूजा ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।