हुमायूँ कबीर का तीखा हमला: पश्चिम बंगाल में “वोट के डर से ‘भत्ता’ बांट रही ममता सरकार, 22 को बेलडांगा थाना का घेराव”
मुर्शिदाबाद/बहरामपुर :जस्टिस एंड यूनिटी पार्टी (JUP) के नेता हुमायूँ कबीर ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राज्य की ममता बनर्जी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मतदाता सूची में गड़बड़ी (SIR), रोजगार और आगामी चुनावों को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए। कबीर ने घोषणा की कि वे आगामी 22 फरवरी को दोपहर 3 बजे हजारों समर्थकों के साथ बेलडांगा थाना का घेराव करेंगे।हुमायूँ कबीर ने कहा कि मतदाता सूची (SIR) के प्रकाशन की तारीख 14 फरवरी से बढ़ाकर 28 फरवरी कर दी गई है। उन्होंने चुनाव आयोग को बंगाल में केंद्रीय बल भेजने के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि बिहार की तरह बंगाल में भी निष्पक्ष मतदान होना चाहिए ताकि लोगों की राय सही ढंग से प्रतिबिंबित हो। उन्होंने आरोप लगाया कि 58 लाख नाम हटने और सूची में गलतियों के लिए पूरी तरह राज्य सरकार जिम्मेदार है। 2011 से मुख्यमंत्री होने के बावजूद ममता बनर्जी ने सुधार क्यों नहीं किया? उन्होंने दावा किया कि 50% अयोग्य लोगों को जानबूझकर BLO बनाया गया ताकि धांधली की जा सके। राज्य सरकार के बजट और ‘युवा साथी’ जैसी योजनाओं को उन्होंने “भय का बजट” करार दिया।कबीर ने कहा, “रोजगार के लिए उद्योग चाहिए, लेकिन यहाँ केवल तोलाबाजी (वसूली) फल-फूल रही है। बीरभूम और अन्य क्षेत्रों में पुलिस की मदद से करोड़ों की वसूली हो रही है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि ‘लक्ष्मी भंडार’ की राशि बढ़ाना और ‘युवा साथी’ शुरू करना केवल वोट हासिल करने का जरिया है। उच्च शिक्षित युवा बेरोजगार हैं, जबकि प्रशासन क्लास 8 पास लोगों से चल रहा है।हुमायूँ कबीर ने टीएमसी की चुनाव समितियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जेल काट रहे अपराधियों और भ्रष्ट लोगों को समितियां दी जा रही हैं।उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी ममता बनर्जी, मौसम बेनजीर और शुभेंदु अधिकारी समेत सभी दिग्गजों के खिलाफ उम्मीदवार उतारेगी।कबीर ने कहा, “अगर अधीर दा चुनाव लड़ते हैं, तो हम उनके खिलाफ कोई उम्मीदवार नहीं उतारेंगे। उनके साथ हमारे दोस्ताना संबंध हैं।” उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर ताकत है तो यूसुफ पठान को मेरे खिलाफ खड़ा करके दिखाएं।
बेलडांगा में मुस्लिम युवकों की गिरफ्तारी पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस की लापरवाही के कारण निर्दोष मजदूरों को पकड़ा गया।”मुख्यमंत्री गलत बयानबाजी कर रही हैं कि मेरे उकसाने पर रास्ता जाम हुआ। नमाज पढ़ने वाले शुक्रवार को रास्ता जाम नहीं करते। इसके विरोध में मैं 22 फरवरी को रोजा रखकर बेलडांगा थाने का घेराव करूँगा।”हुमायूँ कबीर ने साफ किया कि CPI(M) के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा। JUP अन्य छोटे दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। गठबंधन की अंतिम रूपरेखा 21 फरवरी को साझा की जाएगी और 25 तारीख तक उम्मीदवारों की सूची स्पष्ट हो जाएगी।




