ट्रंप की हत्या की साजिश रच रहा है ईरान
इस्राइल के दावे से हड़कंप, पश्चिम एशिया में बिगड़ेंगे हालात
विशेष प्रतिनिधि
वाशिंगटन। अमेरिकी अखबार वॉल स्ट्रीट जर्नल ने शुक्रवार को अपनी एक रिपोर्ट में दावा किया है कि इस्राइल की सरकार ने अमेरिका के साथ एक खुफिया सूचना साझा की है। इस सूचना के तहत ईरान, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मारने की साजिश रच रहा है। अगर इस्राइल की इस खुफिया सूचना की पुष्टि होती है तो यह जानकारी ऐसे समय सामने आई है, जब अमेरिका और ईरान के बीच पहले ही तनाव बढ़ा हुआ है और दोनों तरफ से एक दूसरे के ठिकानों पर हवाई हमले किए जा रहे हैं।
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर ने कुद्स फोर्स के पूर्व कमांडर कासिम सुलेमानी की हत्या का बदला लेने की कसम खाई हुई है। कासिम सुलेमानी की हत्या डोनाल्ड ट्रंप के पहले कार्यकाल में हुई थी। चूंकि ट्रंप ने ही कासिम सुलेमानी की हत्या के लिए ड्रोन हमले का आदेश दिया था, इसलिए ईरान की आईआरजीसी सेना ट्रंप को इसके लिए जिम्मेदार मानती है। वहीं बीती 28 फरवरी को अमेरिकी हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद ट्रंप ईरान के चरमपंथियों की हिटलिस्ट में पहले नंबर पर हैं।
एक अन्य अमेरिकी अखबार सीएनएन ने भी इस रिपोर्ट की पुष्टि की है और दावा किया है कि इस सप्ताह ही इस्राइल की तरफ से अमेरिका को खुफिया सूचना दी गई है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियां भी ऐसे खतरे को लेकर सतर्क हैं। रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि ट्रंप की ईरान के खिलाफ फैसले लेने की क्षमता को प्रभावित करने के लिए भी इस्राइली खुफिया एजेंसियां ऐसा आकलन कर सकती हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी कई बार कह चुके हैं कि ईरान की तरफ से उनकी जान को खतरा है। तुर्किए के अंकारा में नाटो सम्मेलन से इतर मीडिया से बात करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि श्वे अमेरिकी नेताओं की जान लेना चाहते हैं और मुझे भी मारना चाहते हैं। मैं उनकी हिट लिस्ट में शीर्ष पर हूं। ट्रंप ने कहा कि मैं इस मामले में अभी तक भाग्यशाली रहा हूंए लेकिन हो सकता है कि ज्यादा समय तक भाग्य मेरा साथ न दे।
ऐसा नहीं है कि ईरान की तरफ से सिर्फ डोनाल्ड ट्रंप को ही खतरा है। बीते माह अमेरिका से एक शख्स को गिरफ्तार किया गया था। दावा किया गया कि वह शख्स ट्रंप की बेटी इवांका को मारने की साजिश रच रहा था। आरोपी मोहम्मद बाकर साद दाउद अलग सादी के पास से इवांका के घर का नक्शा भी बरामद किया गया था। आरोपी इराक का नागरिक है और ईरान की आईआरजीसी ने उसे ट्रेनिंग दी थी। जांच में पता चला था कि कासिम सुलेमानी की हत्या का बदला लेने के लिए आरोपी इवांका को मारना चाहता था।



