भारत.ऑस्ट्रेलिया की मीटिंग क्रिकेट जैसी : मोदी
-क्रिकेट केवल एक खेल नहीं, बल्कि एक साझा जूनून
विशेष प्रतिनिधि
मेलबर्न। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने तीन दिवसीय ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड विजिट किया. जहां उनके साथ ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बनीज भी मौजूद थे। क्रिकेट के मैदान पर इन दोनों टीमों के बीच का ऐतिहासिक और रोमांचक मुकाबला किसी भी खेल प्रेमी के लिए आकर्षण का केंद्र होता है। क्रिकेट से इनके चाहने वाले एक खास भावनात्मक लगाव रखते हैं। ऐसे में दोनों देशों के पीएम का एमसीजी दौरा खेल के माध्यम से द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ावा देने की तरह देखा जा रहा है।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, जब हम मेलबर्न में हैं तो क्रिकेट की बात न करना ठीक वैसा ही होगा, जैसे टॉस के बाद खेल ही शुरू न करना। उन्होंने इसके महत्व पर बात करते हुए कहा कि क्रिकेट भारत और ऑस्ट्रेलिया की अपनी डिप्लोमैटिक भाषा है। इसलिए दोनों देशों की मीटिंग भी क्रिकेट जैसी लगती है। एजेंडा वनडे जैसा फोकस्ड, फैसले टी20 जैसे तेज और पैर्टरशिप टेस्ट मैच जितनी लंबी और गहरी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आने वाले वर्षों में भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों देश राष्ट्रमंडल खेल व ओलंपिक की मेजबानी करने वाले हैं। ऐसे में दोनों देशों के बीच खेल सहयोग तो बढ़ेगा ही. साथ ही खेल में निवेश की भी संभावनाएं बढ़ेंगी। एमसीजी आने को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि किसी भी भारतीय के मन में दो भावनाएं एक साथ आती हैं। एक भारत.ऑस्ट्रेलिया मैच का रोमांच, और दूसरा दोनों देशों में क्रिकेट केवल एक खेल नहीं, बल्कि एक साझा जूनून है।



