खान सर ने भाई को मरवाया : रौशन आनंद
-मुझे जेल में खत्म करने की रची साजिश
भारत पोस्ट संवाददाता
पटना। ज्ञान बिंदु एकेडमी के निदेशक रौशन आनंद ने अपने भाई प्रिंस यादव की मौत के बाद कई बड़े आरोप लगाए है। उन्होंने दावा किया है कि उन्हें पहले एक सुनियोजित साजिश के तहत जेल भिजवाया गया और बाद में उनके भाई की हत्या कर दी गई। रौशन आनंद का कहना है कि उनके खिलाफ आपराधिक सोच के साथ पूरी योजना बनाई गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें नुकसान पहुंचाने और बर्बाद करने की कोशिश की गई।
रौशन आनंद ने दावा किया कि जेल में रहते समय उन्हें मारने की साजिश रची गई थी। उनका आरोप है कि खान सर के एक बॉडीगार्ड ने जेल के अंदर उनके खिलाफ साजिश बनाई थी। हालांकि उन्होंने कहा कि जेल प्रशासन की सतर्कता और कार्रवाई की वजह से उनकी जान बच गई। उनका दावा है कि यदि समय पर हस्तक्षेप नहीं होता तो उनके साथ कोई बड़ी घटना हो सकती थी।
रौशन आनंद ने अपने भाई प्रिंस यादव की मौत को हत्या बताते हुए कहा कि इसके पीछे साजिश रची गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि फैजल खान और किसान कोल्ड स्टोर के मालिक ने मिलकर उनके भाई की हत्या कराई। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके। रौशन आनंद का आरोप है कि उनके परिवार को लगातार निशाना बनाया जा रहा है।
रौशन आनंद ने कहा कि फैजल खान उन्हें बर्बाद करना चाहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले उन्हें कानूनी मामलों में फंसाकर जेल भेजा गया और अब उनके भाई की मौत हुई है। यह घटनाएं सामान्य नहीं हैं और पूरे मामले की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जानी चाहिए। रौशन आनंद ने कहा कि वे इस मामले को अंत तक लड़ेंगे। उन्होंने दावा किया कि यदि निष्पक्ष जांच हुई तो सच्चाई सामने आएगी और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी कहा कि खान सर को भी कानून के दायरे में लाया जाएगा और उन्हें जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
रौशन आनंद ने केंद्र सरकार और बिहार सरकार से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच के लिए एक विशेष समिति गठित की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने मांग की कि मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो को सौंपी जाए। रौशन आनंद ने अपने भाई के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की भी मांग उठाई है। फिलहाल इन आरोपों पर संबंधित पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले को लेकर जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।



